पंचकूला, 04 मार्च 2026। होली के पावन अवसर पर सृष्टि गुप्ता ने पुलिस लाइन, पंचकूला में तैनात जवानों के साथ सादगी, आत्मीयता और उत्साह के साथ रंगों का त्योहार मनाया। जहां एक ओर पूरा शहर होली के उल्लास में डूबा रहा, वहीं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे पुलिसकर्मियों के साथ पर्व मनाकर डीसीपी ने उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पुलिस लाइन में मौजूद प्रत्येक पुलिसकर्मी को स्वयं हर्बल रंग का तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ड्यूटी पॉइंट पर तैनात जवानों को भी विशेष रूप से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित ड्यूटी की कामना की। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को हर्बल तिलक लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और एकजुटता का प्रतीक है। पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाते हैं, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें। यह उनके त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर जवानों के साथ कुछ पल साझा करना गर्व और खुशी की बात है।
इस मौके पर पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि पुलिस विभाग का हर सदस्य समाज में शांति, कानून-व्यवस्था और भाईचारे को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान भी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है, ताकि जिले में शांति और सद्भाव बना रहे।
कार्यक्रम में एसीपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने आपसी सौहार्द और उत्साह के साथ रंगों के इस पावन पर्व को मनाया।











Total Users : 291948
Total views : 494480