September 22, 2026 4:37 pm

September 22, 2026 4:37 pm

चंडीगढ़ में मकान विवाद बना हत्या की वजह, नाबालिगों ने युवती पर चाकू से किया हमला, मौत

सेक्टर-39 थाना पुलिस ने दो नाबालिगों को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
चंडीगढ़, 6 मार्च: चंडीगढ़ में मकान के विवाद को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
यह कार्रवाई महिला एसएसपी कंवरदीप कौर (आईपीएस) और एसपी सिटी के.एम. प्रियंका (आईपीएस) के निर्देश पर की गई। मामले की निगरानी एसडीपीओ साउथ-वेस्ट धीरज कुमार और सेक्टर-39 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम दयाल द्वारा की जा रही थी।

मकान के कब्जे को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-38 निवासी शिकायतकर्ता रवि कुमार पेशे से ऑटो चालक हैं। उन्होंने बताया कि उनके दादा के नाम पर सेक्टर-38ए में मकान नंबर 682/1 है। आरोप है कि उनकी बहन टीना, उसके पति रवि और उनके बेटों ने पिछले करीब 22 वर्षों से इस मकान पर कब्जा कर रखा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार कई बार मकान खाली करने को कहा गया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसी विवाद को सुलझाने के लिए 5 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे शिकायतकर्ता की बेटियां और भतीजा मकान पर पहुंचे।

झगड़े के दौरान चाकू से हमला
मौके पर टीना, उसके पति और उनके बेटों के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक नाबालिग ने शिकायतकर्ता की बेटी तानिया की पीठ पर धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
वहीं झगड़े के दौरान शिकायतकर्ता के भतीजे पर भी लोहे के फव्वारे से हमला किया गया, जिससे उसे भी चोटें आईं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद घायल तानिया को तुरंत सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल सेक्टर-16 (जीएमएसएच-16) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने मौके पर खड़ी स्विफ्ट कार (नंबर CH-01-BQ-7750) पर भी पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया।

दो नाबालिग गिरफ्तार, किशोर गृह भेजे गए
पुलिस ने मामले में एफआईआर नंबर 30 दिनांक 5 मार्च 2026 धारा 103(1), 351(3), 190, 191(2), 191(3), 115(2) और 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज की है। जांच के दौरान वारदात के कुछ ही समय बाद दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों नाबालिगों को सेक्टर-25 स्थित किशोर गृह भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 1 6 9
Total Users : 418169
Total views : 669774

शहर चुनें