सरकारी बस और स्कूल भवन के बिना अनुमति उपयोग तथा अभद्र शब्दों के आरोप
जींद, 6 मार्च 2026। हरियाणा में प्रसारित हो रहे हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर जींद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए गायक Badshah के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार गीत के वीडियो में सरकारी संपत्ति का बिना अनुमति उपयोग और अभद्र भाषा के प्रयोग से सरकारी संस्थानों की छवि धूमिल होने की शिकायतें मिली थीं।
पुलिस अधीक्षक Kuldeep Singh के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना सिविल लाइन जींद और थाना सदर नरवाना में केस दर्ज किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार हरियाणा राज्य परिवहन विभाग जींद के महाप्रबंधक ने शिकायत दी कि गाने “टटीरी” के वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस अथवा किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली लीज बस का इस्तेमाल किया गया है। इसके लिए विभाग से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह सरकारी नाम, चिन्ह और पहचान का व्यावसायिक वीडियो में उपयोग करने से परिवहन विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा शिक्षा विभाग की ओर से भी शिकायत दी गई कि गाने के वीडियो में जींद जिले के राजकीय प्राथमिक पाठशाला सच्चा खेड़ा के भवन का उपयोग बिना अनुमति किया गया है। साथ ही वीडियो में प्रयुक्त कुछ अभद्र शब्दों से बालिकाओं के सम्मान को ठेस पहुंचने की बात भी कही गई है।
इन शिकायतों के आधार पर गायक आदित्य प्रतीक सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ जींद के थाना सिविल लाइन और नरवाना सदर थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
जींद पुलिस ने चेतावनी दी है कि सरकारी संपत्ति का बिना अनुमति व्यावसायिक उपयोग, अभद्र भाषा का प्रयोग या सरकारी संस्थानों की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों में आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Total Users : 383580
Total views : 623370