नई दिल्ली, 12 मार्च। देश और दुनिया में गुरुवार शाम तक कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, ऊर्जा सुरक्षा, संसद की सियासत और आर्थिक मोर्चे पर हलचल के बीच दिनभर की प्रमुख खबरें इस प्रकार हैं—
पश्चिम एशिया संकट और भारत की कूटनीतिक पहल
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर की पहल के बाद ईरान से बातचीत के जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों के सुरक्षित गुजरने का रास्ता साफ हुआ है। बताया गया है कि जयशंकर की एक अहम बातचीत के बाद ईरान ने जहाजों को गुजरने की अनुमति दी, जिससे भारत की ऊर्जा आपूर्ति को राहत मिली।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि हाल के दिनों में भारत और ईरान के बीच लगातार कूटनीतिक संवाद हो रहा है। इस दौरान जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री के बीच तीन बार बातचीत हो चुकी है।
ईरान में 9 हजार भारतीय, सरकार सतर्क
ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए भारत सरकार वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर नजर रखे हुए है। सरकार के मुताबिक ईरान में करीब 9,000 भारतीय मौजूद हैं, जिनमें छात्र, नाविक, कारोबारी, पेशेवर और कुछ तीर्थयात्री शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षित वापसी की योजना भी तैयार रखी गई है।
मुंबई पोर्ट पहुंचा तेल टैंकर
पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर आया एक टैंकर ईरान की अनुमति के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर सुरक्षित रूप से मुंबई पोर्ट पहुंच गया। इससे भारत की ऊर्जा आपूर्ति को फिलहाल राहत मिली है।
संसद में ऊर्जा संकट पर चर्चा
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज लोकसभा में भारत की ऊर्जा स्थिति पर बयान देंगे। यह चर्चा ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक शिपिंग और ऊर्जा सप्लाई पर असर पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस मुद्दे पर अपनी बात रख सकते हैं।
संसद के अंदर-बाहर सियासी घमासान
एलपीजी संकट को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि “संसद से नरेंद्र गायब और देश से सिलेंडर गायब”। उनका कहना है कि ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा गंभीर है और सरकार को इस पर स्पष्ट रणनीति बतानी चाहिए।
ओम बिरला ने जताया आभार
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में कहा कि उन पर जताए गए भरोसे के लिए वह सभी सदस्यों के आभारी हैं और अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ निभाएंगे।
राहुल गांधी को कोर्ट से राहत
राहुल गांधी को एक अन्य मामले में राहत मिली है। नासिक की अदालत में वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले को शिकायतकर्ता द्वारा वापस लेने के बाद बंद कर दिया गया।
फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग का मामला
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने हाल ही में हुई फायरिंग की घटना पर कहा कि उन्हें पहले लगा था कि यह पटाखों की आवाज है। उन्होंने कहा कि ऊपरवाले की कृपा से वह सुरक्षित बच गए।
हरियाणा राज्यसभा चुनाव पर सियासी हलचल
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अपने विधायकों की बाड़ेबंदी की तैयारी कर रही है। 13 मार्च को चंडीगढ़ में लंच और हिमाचल प्रदेश में विशेष डिनर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इस संबंध में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सहमति दी है।
एलपीजी की किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग
देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक 900 रुपये वाला घरेलू सिलेंडर कई जगह 1800 रुपये तक बेचा जा रहा है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर 4000 रुपये तक में मिल रहा है। गैस की कमी के कारण इंडक्शन चूल्हों की मांग करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
व्हाट्सएप लाएगा बच्चों के लिए नया फीचर
मैसेजिंग ऐप WhatsApp 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर में बच्चों का अकाउंट माता-पिता के अकाउंट से लिंक होगा, जिससे पैरेंट्स उनकी गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।
मध्य पूर्व में सैन्य तनाव
मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइल पर करीब 150 मिसाइलें दागीं, जिसमें 24 घंटे के भीतर 179 लोग घायल हो गए। वहीं ईरान की ओर से ड्रोन हमले और अमेरिकी ठिकानों पर संभावित हमले की आशंका भी जताई जा रही है।
खेल जगत की खबर
भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के खिलाफ तिरंगे के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान उन्होंने तिरंगे को ओढ़कर जमीन पर लेटकर फोटो खिंचवाई।
मौसम का हाल
देश के कई हिस्सों में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। गुजरात और राजस्थान के कई शहरों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। महाराष्ट्र के नंदूरबार में अधिकतम तापमान 42.4°C दर्ज किया गया। वहीं लद्दाख के सोनमर्ग और हिमाचल के लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हुई है।
शेयर बाजार में गिरावट
वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण भारतीय शेयर बाजार में गिरावट रही। गुरुवार को BSE Sensex 829 अंक गिरकर 76,034 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 228 अंक टूटकर नीचे बंद हुआ। ऑटो और बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली।











Total Users : 291456
Total views : 493812