June 26, 2026 12:10 pm

June 26, 2026 12:10 pm

पंचकूला में बाप-बेटे के इमिग्रेशन रैकेट का पर्दाफाश, इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का झांसा देकर 28 लाख ठगे

पंचकूला। विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस की एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का झांसा देकर करीब 28 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में 71 वर्षीय आरोपी श्याम लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुररानी, जिला पंचकूला का निवासी है।

इस संबंध में 31 जनवरी को थाना चंडीमंदिर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61, 316(2), 318(4) तथा इमिग्रेशन एक्ट 1983 की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार पंजाब निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2023 में वह इंग्लैंड गया था, लेकिन वहां स्थायी रूप से रहने और रोजगार की समस्या के चलते वह अमेरिका जाना चाहता था। इसी दौरान परिचितों के माध्यम से उसकी मुलाकात वीर सिंह उर्फ मिट्टू उर्फ जॉन और उसके पिता श्याम लाल से हुई, जिन्होंने खुद को एजेंट बताते हुए उसे इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने इसके लिए करीब 30 लाख रुपये की मांग की, जिसके बाद सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ।

शिकायतकर्ता के पिता लखविंदर सिंह ने जमीन बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर आरोपियों को 25 लाख रुपये दिए। इनमें से 15 लाख रुपये नकद पंचकूला सेक्टर-25 में दिए गए, जबकि 10 लाख रुपये अलग-अलग खातों से आरोपी श्याम लाल के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपियों ने युवक को अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया, लेकिन उसे डंकी रूट के जरिए कई देशों में भटकाया गया और इस दौरान उससे करीब 3 लाख रुपये और भी दिलवाए गए।

पीड़ित युवक ने बताया कि इस अवैध यात्रा के दौरान उसे फ्रांस, स्पेन सहित कई देशों में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। विभिन्न देशों की कस्टडी और कैंपों में रहने के बाद आखिरकार मार्च 2025 में उसे भारत वापस भेज दिया गया। भारत लौटने पर जब उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया और धमकियां देना शुरू कर दिया।

शिकायत मिलने के बाद एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान यूनिट इंचार्ज योगविन्द्र सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी एएसआई दीपक की टीम ने 12 मार्च 2026 को आरोपी श्याम लाल को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का बेटा अमेरिका में बैठकर लोगों को विदेश भेजने का रैकेट चला रहा था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी ने ठगी की रकम से जमीन खरीदने का सौदा किया था। पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है जिससे जमीन खरीदी जानी थी। इसके अलावा फ्रॉड की रकम से खरीदी गई अन्य संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है और कानूनी प्रक्रिया के तहत ऐसी संपत्तियों को सीज किया जाएगा।

पंचकूला पुलिस आयुक्त शिवास कविराज (एडीजीपी) ने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विदेश जाने के लिए केवल अधिकृत और लाइसेंस प्राप्त एजेंटों के माध्यम से ही प्रक्रिया अपनाएं और किसी भी एजेंट को बड़ी राशि देने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। साथ ही सभी लेन-देन बैंकिंग माध्यम से ही करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को दें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 5 3 9 1 1
Total Users : 353911
Total views : 583161

शहर चुनें