पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद और करीब 6 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पंचकूला और हिमाचल प्रदेश में चोरी के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 7 जनवरी को पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने थाना पिंजौर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 6 जनवरी को वह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। जब वह वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी में रखी नकदी चोरी हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी मुख्य सिपाही कंवर पाल और उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 12 मार्च को दबिश देकर आरोपी मनोज कुमार उर्फ मौजू निवासी जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) को काबू कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं, जो आरोपी ने हिमाचल प्रदेश में चोरी की वारदातों के दौरान हासिल किए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंचकूला और हिमाचल प्रदेश में चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और उम्मीद है कि उससे अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जा रहा है।













Total Users : 353911
Total views : 583162