June 10, 2026 2:05 pm

June 10, 2026 2:05 pm

पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की किल्लत पर AAP का हमला, सरकार तुरंत स्थिति स्पष्ट करे: डॉ. सुशील गुप्ता

चंडीगढ़, 27 मार्च 2026: हरियाणा सहित देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कथित किल्लत को लेकर डॉ. सुशील गुप्ता ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. गुप्ता ने ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हालात इसके बिल्कुल उलट हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा के सिरसा, जींद, हिसार, बल्लभगढ़ और यमुनानगर समेत कई जिलों से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और ईंधन की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति से लोगों में भय और असमंजस का माहौल बन गया है और उन्हें आशंका है कि कहीं कोरोना काल जैसी स्थिति दोबारा न बन जाए, जब जरूरी वस्तुओं के लिए लंबी-लंबी कतारें लगती थीं।
किसानों की समस्या पर जोर देते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि इस समय हरियाणा में गेहूं और सरसों की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है। ऐसे में डीजल की कमी किसानों के लिए बड़ा संकट बन सकती है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होंगे और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से किसानों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
एलपीजी गैस की कमी पर भी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे आम परिवारों की रसोई प्रभावित हो रही है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है।
डॉ. गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि सरकार तुरंत इस स्थिति पर स्पष्ट बयान जारी करे और जनता को भरोसे में ले। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है।
मुख्य मांगें:
पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पर तुरंत स्पष्ट बयान जारी किया जाए
पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कर लंबी कतारों की समस्या खत्म की जाए
अफवाहों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं
किसानों को प्राथमिकता देते हुए डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
अंत में डॉ. गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह स्थिति बड़े जनसंकट का रूप ले सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र और हरियाणा की बीजेपी सरकार की होगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 3 8 8 5 7
Total Users : 338857
Total views : 562026

शहर चुनें