September 21, 2026 6:04 am

September 21, 2026 6:04 am

HARYANA: युद्ध जैसे हालात में देशवासियों को एकजुट रहना होगा: नायब सिंह सैनी

पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर आम जनता को दी राहत

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 29 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर विभिन्न देशों के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच देशवासियों को एकजुट होकर परिस्थितियों का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिकों से ऐसे समय में एकजुट रहने की अपील की है।

मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी और जिला प्रभारी दीपक शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में भी विपक्ष अफवाहें और झूठ फैलाने का काम कर रहा है, जबकि देश और प्रदेश में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसी भ्रामक बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी राजनीति झूठ और भ्रम फैलाने पर आधारित रही है और अब सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रही है और वहां किसान, महिलाएं, युवा व गरीब वर्ग परेशान हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले दिल्ली में परेशान थी और अब पंजाब में भी स्थिति वैसी ही हो गई है। प्रधानमंत्री के कामकाज की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यों में दिखावा नहीं, बल्कि परिणाम दिखाई देते हैं, जबकि अन्य दलों के समय योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश पर कोई संकट आया है, चाहे वह महामारी हो या अन्य आपदा, तब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों ने मिलकर उसका मुकाबला किया है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा की, बल्कि अन्य देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध करवाई।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक्साइज ड्यूटी कम कर आम जनता को राहत दी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण कई देशों में तेल के दाम बढ़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश एकजुट होकर इस चुनौती से भी जल्द पार पा लेगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 3 7 5
Total Users : 417375
Total views : 668762

शहर चुनें