October 13, 2026 5:11 pm

October 13, 2026 5:11 pm

भ्रष्टाचार पर सतर्कता ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: महिला एएसआई 33,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़, 3 अप्रैल। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने महिला एएसआई शर्मिला मलिक को 33,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला हेल्प डेस्क, थाना कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी में तैनात थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी एएसआई को जिला अदालत परिसर, कुरूक्षेत्र के नजदीक रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी जानकारी में बताया कि उसके रिश्तेदार के खिलाफ उसकी पत्नी द्वारा महिला हेल्प डेस्क में झूठी शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में मदद करने और सिमरनजीत सिंह के पक्ष में बयान दर्ज करने के एवज में आरोपी एएसआई शर्मिला मलिक ने 35,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी पहले ही 2,000 रुपये ले चुकी थी और शेष 33,000 रुपये लेने के लिए आज बुलाया था।
शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया और आरोपी को मौके पर ही रिश्वत लेते हुए काबू कर लिया गया।
ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
जनहित में संदेश:
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 6 1 3
Total Users : 429613
Total views : 685017

शहर चुनें