बाबूगिरी ब्यूरो
रोहतक, 6 अप्रैल 2026। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की गूंज हिसार में आयोजित तीन दिवसीय साहित्योत्सव ‘अक्षरम’ में खूब सुनाई दी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में आयोजित इस आयोजन में सुपवा को क्रिएटिव पार्टनर बनाया गया था, जहां छात्रों ने कला, संस्कृति और प्रदर्शन के विभिन्न आयामों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कुलगुरु डॉ अमित आर्य के नेतृत्व में सुपवा से 140 छात्र-छात्राएं, फैकल्टी सदस्य और स्टाफ इस आयोजन में शामिल हुए। डॉ आर्य उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और ‘हरियाणा का साहित्य और पत्रकारिता में योगदान’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में भी भाग लिया।

कला और प्रस्तुतियों का शानदार संगम
‘अक्षरम’ के दौरान सुपवा के छात्रों को अलग-अलग मंच उपलब्ध कराए गए, जहां उन्होंने फैशन शो, बैंड, डांस और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं विजुअल आर्ट्स के छात्रों ने लाइव पेंटिंग, स्कल्पचर और पॉटरी का प्रदर्शन कर लोगों को आकर्षित किया।
पेंटिंग कोर्स की छात्रा लक्षिता जांगड़ा द्वारा बनाई गई मां सरस्वती की पेंटिंग को खास सराहना मिली, जिसे एक स्थानीय परिवार ने खरीद भी लिया।
अनु मलिक ने किया आर्ट एग्जीबिशन का उद्घाटन
सुपवा की ओर से लगाई गई आर्ट एग्जीबिशन का उद्घाटन प्रसिद्ध गायक और संगीतकार अनु मलिक ने किया। उन्होंने छात्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा में इस तरह का विश्वविद्यालय होना फिल्म इंडस्ट्री और देश के लिए गर्व की बात है।
एग्जीबिशन में डिजाइन, विजुअल आर्ट्स, आर्किटेक्चर और फिल्म एंड टेलीविजन से जुड़े कार्य, मॉडल और प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए।

फैशन शो में दिखा प्रोफेशनल अंदाज
जीजेयू के मेन ऑडिटोरियम में आयोजित फैशन शो के दौरान मंच रैंप में तब्दील हो गया। छात्रों ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में प्रोफेशनल मॉडल की तरह कैटवॉक कर तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। रंग-बिरंगी रोशनी और म्यूजिक बीट्स पर उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
एफटीवी छात्रों की प्रस्तुति ने बांधा समां
फिल्म एंड टेलीविजन फैकल्टी के छात्रों ने मूक अभिनय, डांस और नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक संदेश देते हुए दर्शकों को जागरूक किया। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नृत्य नाटिका ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
एग्जीबिशन में दिखी रचनात्मकता की झलक
क्रश हॉल में आयोजित एग्जीबिशन में स्कल्पचर, पेंटिंग, आर्किटेक्चर मॉडल, फर्नीचर डिजाइन, लाइफस्टाइल एसेसरीज, एनिमेशन और सामाजिक विषयों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शित किए गए। टेराकोटा और सिरेमिक कला के नमूनों ने भी खूब आकर्षित किया।
सुपवा बैंड की धुनों पर झूमे छात्र
ओपन थियेटर में सुपवा बैंड ने करीब दो घंटे तक शानदार प्रस्तुति दी। ‘शिव शिव शंकरा’ से शुरुआत करते हुए बैंड ने नए-पुराने गीतों और रैप सॉन्ग्स से माहौल को जीवंत बना दिया। हजारों छात्रों की मौजूदगी और तालियों की गूंज के बीच यह प्रस्तुति देर रात तक जारी रही।
कुल मिलाकर, ‘अक्षरम’ में सुपवा के छात्रों की क्रिएटिविटी ने न केवल दर्शकों को प्रभावित किया, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक और रचनात्मक पहचान को भी नई ऊंचाई दी।











Total Users : 291682
Total views : 494107