April 6, 2026 7:17 pm

April 6, 2026 7:17 pm

HARYANA: ततीमा मामलों के निपटान के लिए प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान: CM नायब सिंह सैनी

रेजांगला व अतुल कटारिया चौक का होगा सौंदर्यीकरण, दौलताबाद में कब्जा हटाने के सख्त निर्देश
चंडीगढ़, 6 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर में लंबित ततीमा मामलों के शीघ्र निपटान के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुलझाया जाए, ताकि आमजन को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और अनावश्यक विवाद व न्यायालयीन प्रक्रियाएं कम हों।
मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कुल 15 परिवाद प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 11 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील और तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों को त्वरित राहत पहुंचाना होना चाहिए, जिससे शासन व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
रेजांगला व अतुल कटारिया चौक का होगा सौंदर्यीकरण
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रेजांगला चौक की स्वच्छता व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए इसके व्यापक सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेजांगला चौक और शहीद लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने रेजांगला स्मारक के पुनर्रचना (रीडिजाइनिंग) और समग्र उन्नयन पर जोर देते हुए कहा कि इसे अधिक आकर्षक, गरिमापूर्ण और प्रभावशाली बनाया जाए। साथ ही, इन स्थानों पर हरित क्षेत्र विकसित करने और नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
दौलताबाद में खेतों के रास्ते पर कब्जे का मामला, तुरंत कार्रवाई के निर्देश
गांव दौलताबाद से आए एक शिकायतकर्ता ने खेतों तक जाने वाले रास्ते पर अवैध कब्जे की समस्या उठाई। शिकायत के अनुसार करीब 2 करम चौड़े रास्ते पर दो बिल्डरों ने दीवार खड़ी कर दी, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो रहा है।
इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कब्जा हटाकर रास्ते को मूल स्वरूप में बहाल किया जाए और दोनों ओर अतिरिक्त दो-दो फीट जगह खाली करवाई जाए, ताकि ग्रामीणों के लिए सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
सेक्टर-10 में आधुनिक सीवरेज सिस्टम का बनेगा प्रस्ताव
सेक्टर-10 के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में पुराने सीवरेज सिस्टम के कारण बार-बार ओवरफ्लो की समस्या उठाई। मुख्यमंत्री ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक और सक्षम सीवरेज सिस्टम के लिए विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए, ताकि स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी, जीएमडीए के सीईओ पी.सी. मीणा, डीसी अजय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया सहित कई अधिकारी मौजूद

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 5 7 3
Total Users : 291573
Total views : 493970

शहर चुनें