September 14, 2026 9:59 am

September 14, 2026 9:59 am

अग्रोहा धाम का नाम ‘श्री अग्रोहा धाम’ करने और हिसार का नाम बदलने की मांग, रेलवे कनेक्टिविटी पर भी जोर

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 9 अप्रैल 2026। पंचकूला में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक चंद्रमोहन ने हरियाणा सरकार के समक्ष कई अहम मांगें रखीं। उन्होंने हिसार स्थित अग्रोहा धाम का नाम बदलकर ‘श्री अग्रोहा धाम’ करने, हिसार जिले का नाम ‘अग्रोह दत्त’ रखने और इस धाम को सीधी रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग उठाई।
प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय संगठन सचिव विजय बंसल, एडवोकेट शाहिद अग्रवाल, नरेश गनेरीवाला, नवीन बंसल सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
चंद्रमोहन ने कहा कि जिस प्रकार देश के अन्य धार्मिक स्थलों के नाम श्रद्धा के साथ लिए जाते हैं, उसी प्रकार अग्रोहा धाम का नाम भी ‘श्री अग्रोहा धाम’ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिसार से इस धाम को सीधी रेलवे लाइन से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में कई बार घोषणाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन की राजधानी अग्रोहा धाम ही थी और यह उनकी कर्मभूमि भी रही है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन को अहिंसा और समाजवाद का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज भी करोड़ों लोग उनके सिद्धांतों का पालन करते हैं।
इस मौके पर चंद्रमोहन ने महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय को मरणोपरांत भारत रत्न देने की भी मांग उठाई।
वहीं, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नेता विजय बंसल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की सरकार ने हमेशा अग्रवाल समाज का सम्मान किया। उन्होंने बताया कि भजनलाल ने अपने कार्यकाल में श्री अग्रोहा धाम के विकास के लिए अनुदान दिया और पंचकूला के सेक्टर-16 में अग्रवाल भवन की नींव भी रखी थी।
उन्होंने यह भी कहा कि रायपुररानी और नारायणगढ़ में अग्रवाल भवनों के निर्माण में विधायक चंद्रमोहन का विशेष योगदान रहा है। उनके प्रयासों से पंचकूला और पिंजौर में महाराजा अग्रसेन के नाम पर चौक भी स्थापित किए गए। विजय बंसल ने कहा कि भजनलाल परिवार ने क्षेत्र में अग्रवाल समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 3 1 6 2
Total Users : 413162
Total views : 663181

शहर चुनें