नई लिंक सड़कें आपसी संपर्क सुधारेंगी और खेती आधारित अर्थव्यवस्था को देंगी मजबूती: जय कृष्ण सिंह रोड़ी
गढ़शंकर/होशियारपुर, 6 जनवरी: पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं हल्का गढ़शंकर से विधायक जय कृष्ण सिंह रोड़ी ने गढ़शंकर हल्के के 28 गांवों की नव-निर्मित लिंक सड़कों का विधिवत उद्घाटन किया। इन गांवों में घागों रोड़ांवाली, भंमियां, महिताबपुर, दुग्गरी, गढ़ी मट्टो, पाहलेवाल, बीरामपुर, साधोवाल, सौली, पुरखोवाल, रामपुर बिलड़ो, सलेमपुर, सतनौर, पखोवाल, पदराणा, बडेसरों, अकालगढ़ा, गोलियां, भजलां, लल्लियां, कालेवाल, मोहनोवाल, रावलपिंडी, फतेहपुर काला, देनोवाल काला तथा डोगरपुर शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी ने कहा कि गांवों की लिंक सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं। इनके निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि गांवों का सामाजिक और आर्थिक विकास भी तेज होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार गांवों को शहरों की तर्ज पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि इन 28 गांवों की लिंक सड़कों के तैयार होने से किसानों को अपनी फसल मंडियों तक ले जाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों के लिए स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंच आसान होगी तथा आम लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी। मजबूत सड़कें गांवों की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

डिप्टी स्पीकर ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार द्वारा सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं।
जय कृष्ण सिंह रोड़ी ने कहा कि हल्का गढ़शंकर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली और सड़कों सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार जारी हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गांव का हर निवासी विकास का सीधा लाभ प्राप्त करे और गढ़शंकर को एक मॉडल हल्का बनाया जाए।
समारोह के दौरान स्थानीय लोगों और गांवों के प्रतिनिधियों ने डिप्टी स्पीकर का धन्यवाद किया और कहा कि लिंक सड़कों की मांग कई वर्षों से की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलदीप सिंह सैणी, जिला परिषद सदस्य इंदरजीत सिंह बरियाणा, हरभजन महिमी, ब्लॉक समिति सदस्य परमजीत पाल, मनजीत कौर, सरपंच जूझार सिंह नागरा, नंबरदार हरी कृष्ण सिंह गंगड़ सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, पंच, पार्टी नेता, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।














Total Users : 338858
Total views : 562027