April 7, 2026 4:18 pm

April 7, 2026 4:18 pm

पंजाब में खेल संस्कृति को प्रफुल्लित करने के लिए जल्द तैयार होंगे 3100 खेल मैदान: हरजोत सिंह बैंस

69वीं नेशनल स्कूल खेलों की मेजबानी से पंजाब राष्ट्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा है: बैंस

चंडीगढ़/लुधियाना, 06 जनवरी: पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लुधियाना स्थित गुरु नानक स्टेडियम में 69वीं नेशनल स्कूल खेलों का भव्य उद्घाटन किया। ये खेल प्रतियोगिताएं 16 जनवरी तक चलेंगी, जिनमें केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, विद्या भारती स्कूलों सहित देश के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न शिक्षा संस्थानों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि इन खेलों के दौरान जूडो अंडर-14 (लड़के व लड़कियां), ताइक्वांडो अंडर-14 (लड़कियां) तथा गतका अंडर-19 (लड़के व लड़कियां) के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। ये प्रतियोगिताएं बी.सी.एम. आर्या मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शास्त्री नगर, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पी.ए.यू., तथा ओपन एयर थिएटर, पी.ए.यू., लुधियाना सहित विभिन्न स्थलों पर होंगी।
उन्होंने कहा कि यह पंजाब और विशेष रूप से लुधियाना शहर के लिए गर्व की बात है कि 69वीं नेशनल स्कूल खेलों की मेजबानी का अवसर मिला है। इन खेलों में पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट सहित विभिन्न राज्यों से 1000 से अधिक खिलाड़ी और 350 से अधिक कोच भाग ले रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पी.सी.आर. टीमें तैनात, खेल स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके तहत गांवों और शहरों में 3100 खेल मैदानों का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में पंजाब के हर गांव में खेल स्टेडियम उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल नर्सरियों के माध्यम से बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों के लिए बड़े स्तर पर कोचों की भर्ती की जा रही है तथा खिलाड़ियों की डाइट अलाउंस में भी वृद्धि की गई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की नई खेल नीति देश में एक मिसाल है, जिसके तहत एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक के लिए चयनित खिलाड़ियों को एडवांस फाइनेंशियल सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक दबाव के तैयारी कर सकें। इस नीति के लागू होने से पंजाब के खिलाड़ियों द्वारा मेडलों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पंजाब के लिए गर्व का विषय है कि भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम तथा भारतीय हॉकी टीम पंजाबी कप्तानों के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। भारतीय हॉकी टीम में पंजाबियों की बड़ी भागीदारी इस बात का संकेत है कि पंजाब खेलों में अपनी ऐतिहासिक पहचान पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विधायक दलजीत सिंह भोला गरेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, डायरेक्टर सेकेंडरी एजुकेशन गुरिंदर सिंह सोढ़ी, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर, जिला शिक्षा अधिकारी डिंपल मदान, जिला खेल अधिकारी कुलदीप चुघ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 2 0 2 8
Total Users : 292028
Total views : 494587

शहर चुनें