September 22, 2026 12:55 pm

September 22, 2026 12:55 pm

पंचकूला: किसान सब्जी मंडी में स्वच्छता एवं प्लास्टिक विरोधी अभियान—₹18,000 जुर्माना, प्लास्टिक उपयोग करने वालों पर निगम की सख्ती

ग्रीन लाइट पर भी कार्रवाई, 4 जब्त, 3 दुकानदारों के चालान
स्वच्छता अभियान से बदली मंडी की तस्वीर, दुकानदार खुद सफाई में जुटे

शहर को स्वच्छ बनाने के लिए निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी -आयुक्त विनय कुमार

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 22 अप्रैल :  नगर निगम पंचकूला के आयुक्त  विनय कुमार के सख्त निर्देशों के तहत शहर की प्रमुख किसान सब्जी मंडी में विशेष स्वच्छता एवं प्लास्टिक विरोधी अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं प्रदूषण मुक्त बनाना तथा आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में पंचकूला की रैंकिंग को बेहतर करना है।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने उन दुकानदारों एवं व्यक्तियों को चिन्हित किया जो खुले में कचरा फेंक रहे थे, प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग कर रहे थे तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। मौके पर ही सख्ती बरतते हुए कुल ₹18,000 का जुर्माना वसूला गया।
डिस्पोजेबल सामग्री एवं प्लास्टिक कंटेनर का उपयोग करने पर होटल संचालक पर ₹10,000 का जुर्माना
निरीक्षण के दौरान एक होटल संचालक को डिस्पोजेबल सामग्री एवं प्लास्टिक कंटेनर का उपयोग करते हुए पाए जाने पर ₹10,000 का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त कई दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते पाए गए, जिन पर अलग-अलग चालान किए गए और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।


ग्रीन लाइट” लगाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई

अभियान के अंतर्गत “ग्रीन लाइट” लगाने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। निगम टीम ने 4 ग्रीन लाइट जब्त कीं तथा 3 दुकानदारों के चालान किए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की हरी लाइट से ग्राहकों को भ्रमित किया जाता है, जिससे बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा एवं अव्यवस्था फैलती है, इसलिए इस पर पूर्ण प्रतिबंध है। इस सख्त कार्रवाई का असर तुरंत देखने को मिला। जहां पहले गंदगी थी, वहीं कार्रवाई के बाद दुकानदार स्वयं अपनी दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई करते नजर आए। इससे स्पष्ट है कि सख्ती के साथ-साथ जागरूकता भी सकारात्मक परिणाम दे रही है।

दुकानदारों, ठेला संचालकों और व्यापारियों को स्वच्छता नियमों के प्रति किया जागरूक
नगर निगम टीम ने मौके पर उपस्थित दुकानदारों, ठेला संचालकों और व्यापारियों को स्वच्छता नियमों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करें और कचरा इधर-उधर या सड़क पर न फेंकें। प्रत्येक दुकान के पास डस्टबिन रखना अनिवार्य करें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें । साथ ही, किसी भी प्रकार के भ्रामक संकेत या ग्रीन लाइट का उपयोग न करने और ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाये ।


स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा बाजारों एवं मंडियों में विशेष निगरानी
स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा बाजारों एवं मंडियों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अंतर्गत गार्बेज फ्री ज़ोन सुनिश्चित करना, सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करना, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण तथा सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई एवं सैनिटेशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी-आयुक्त
नगर निगम आयुक्त  विनय कुमार ने कहा कि इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें, ताकि पंचकूला स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त कर सके।
इस कार्रवाई के पश्चात मंडी क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया तथा आम नागरिकों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 0 8 3
Total Users : 418083
Total views : 669649

शहर चुनें