April 22, 2026 9:49 pm

April 22, 2026 9:49 pm

HARYANA: भाजपा का हर बूथ पर प्रशिक्षित कार्यकर्ता, निकाय चुनाव में 100 प्रतिशत जीत की रणनीति तैयार : मोहन लाल बड़ौली

10 मई के बाद सभी संगठनात्मक 27 जिलों में 36 घंटों का होगा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम : मोहन लाल बड़ौली

रोहतक में आयोजित प्रेसवार्ता में मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि – नगर निकाय चुनाव के उम्मीदवारों की जल्द जारी होगी सूची : बड़ौली

बाबूगिरी ब्यूरो
रोहतक/चंडीगढ़, 22 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा नगर निकाय चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर बूथ कार्यकर्ता पूरी तरह प्रशिक्षित है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा की 100 प्रतिशत जीत तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 377 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं। इसके साथ ही 10 मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव के बाद सभी 27 संगठनात्मक जिलों में 36 घंटे का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली बुधवार को संगठनात्मक बैठक के बाद रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘‘मंगल कमल’’ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक भी मौजूद रहे।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डा. अर्चना गुप्ता, केंद्र से प्रशिक्षण टोली के सदस्य अजय महावर, मदन गोयल और भारत भूषण जुयाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज की बैठक में सभी 27 जिलों के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारियों को बुलाया गया है और उनकी जिम्मेदारियां तय की गई है। 36 घंटों के होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को 12 अलग-अलग विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी, जिससे संगठनात्मक दक्षता और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले से छह-छह कार्यकर्ताओं को चयनित कर उन्हें विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक प्रभावी बना सकें।

नगर निकाय चुनावों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भाजपा मेयर और वार्ड पार्षद के चुनाव पार्टी के सिंबल पर लड़ेगी। इसके साथ ही रेवाड़ी में परिषद चुनाव, सांपला नगर पालिका तथा धारूहेड़ा और उकलाना में चेयरमैन के चुनाव भी भाजपा अपने चुनाव चिन्ह कमल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इन चुनावों में 100 प्रतिशत जीत हासिल करेगी और इसके लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है।

एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए तैयार है। श्री बड़ौली ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। प्रदेश की जनता चाहती है कि स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार बने जिससे विकास कार्यों को और गति मिल सके। एक अन्य सवाल के जवाब में श्री बड़ौली ने कहा कि पार्टी बहुत जल्द अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता विकास की सोच और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य करता है।

नारी शक्ति वंदन संशोधित अधिनियम का विरोध करके कांग्रेस ने जता दिया कि कांग्रेस की सोच और नीति दोनों गलत है : मोहन लाल बड़ौली
महिला आरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा 2029 के चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच गलत है, नीति गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का विरोध किया है इससे महिलाओं में आक्रोश है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कांग्रेस, सपा, डीएमके और टीएमसी जैसे दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब भी चुनाव होंगे इन दलों को महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सोच है कि महिलाओं देश सेवा का मौका राजनीति के माध्यम से मिले और उनकी भागीदारी बढ़े। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने के पक्ष में रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 के चुनाव में महिलाओं को उनका हक देने का काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। लखपति दीदी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का काम भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में भी भाजपा ने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है।  बड़ौली ने कहा कि जब-जब भाजपा ने महिलाओं को अधिकार देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं, कांग्रेस ने उसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि 2029 तक महिलाओं को पूरा सम्मान और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जबकि कांग्रेस हर सकारात्मक पहल का विरोध करती आई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 3 4 5 0
Total Users : 303450
Total views : 511134

शहर चुनें