April 27, 2026 7:30 pm

April 27, 2026 7:30 pm

PANCHKULA NEWS: 1.05 करोड़ की हेरोइन के साथ राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी गिरफ्तार, नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 27 अप्रैल 2026: हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के बीच पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी को 1 करोड़ 5 लाख रुपये कीमत की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

यह कार्रवाई 23 अप्रैल को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। टीम ने रायपुररानी-नारायणगढ़ रोड पर गांव प्यारेवाला के पास घेराबंदी कर पंजाब के तरनतारन निवासी रशपाल सिंह उर्फ लाली को उसकी महिंद्रा बोलेरो सहित काबू किया। तलाशी के दौरान गाड़ी की ड्राइवर सीट के नीचे से 538 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना रायपुररानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीपी क्राइम ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और पंजाब से हेरोइन लाकर पंचकूला में सप्लाई करता था। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ जारी है। पुलिस को उससे उसके मुख्य सप्लायर के बारे में अहम जानकारी मिली है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

4 महीनों में 58 तस्कर गिरफ्तार, 8.85 करोड़ का नशा बरामद
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 4 महीनों से भी कम समय में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 37 मामले दर्ज कर 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 18 मुख्य सप्लायर शामिल हैं। इस दौरान 10 मामले वाणिज्यिक मात्रा और 27 मामले मध्यम मात्रा के दर्ज किए गए।
पुलिस ने इस अवधि में 5 किलो 141 ग्राम हेरोइन, 27 किलो चूरा पोस्त, 6 किलो 296 ग्राम गांजा, 1 किलो 558 ग्राम चरस, 710 ग्राम अफीम और 40,200 नशीली प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। इनकी बाजार कीमत करीब 8 करोड़ 85 लाख रुपये आंकी गई है।

नशे की कमाई से बनी संपत्तियां ध्वस्त
पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों—अमर सिंह (पिंजौर), सुल्तान (पंचकूला) और अभिषेक (उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेक्टर-14 पंचकूला)—की अवैध संपत्तियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

जागरूकता और पुनर्वास पर भी जोर
नशा मुक्त अभियान के तहत जनवरी से मार्च 2026 के बीच 81 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 3699 लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, 399 नशा पीड़ितों की पहचान कर उनमें से 361 का इलाज शुरू कराया गया है और 38 को पुनर्वास केंद्रों में भर्ती किया गया है।
इसके अलावा, बागवाला स्थित हाईजीन फैक्ट्री में वर्ष 2022 से 2024 के दौरान जब्त किए गए करीब 2.02 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।

पुलिस की अपील
पंचकूला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशा तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100, 7087081048 या मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशा मुक्त प्रदेश की दिशा में सख्त कदम
हरियाणा सरकार की ‘नशा मुक्त प्रदेश’ नीति के तहत पुलिस का यह अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में नशा तस्करों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 6 9 2 5
Total Users : 306925
Total views : 516233

शहर चुनें