पंजाब के सीएम मान का बयान बेहद शर्मनाक और निंदनीय :बड़ौली
कांग्रेस और ‘‘आप’’ झूठ बोलकर वोट लेती, भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती है : मोहन लाल बड़ौली
कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों को भ्रम की बीमारी है जिसका कोई इलाज नहीं है : मोहन लाल बड़ौली
नगर निकाय चुनाव में कमल खिलेगा, ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी : बड़ौली
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने पंचकूला में चार मंडलों की बैठक ली, कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक जनसंपर्क करने के निर्देश दिए
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 6 मई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को पंचकूला के वार्ड नंबर 6 के माता मनसा देवी मंडल, वार्ड नंबर 17 के नाड़ा साहिब मंडल, बरवाला मंडल तथा चंडी मंडल में मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों, शक्ति केंद्र प्रमुखों और बूथ अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ नगर निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की और वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का आधार बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता है, इसलिए सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करें और भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करें।
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश बड़ौली ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और जपा जैसे दल जनता से कट चुके हैं और इन्हें “भ्रम की बीमारी” हो गई है। उन्होंने कहा कि इन दलों को जनता पर भरोसा नहीं है और जनता ने भी इन्हें नकार दिया है, जिसके चलते ये बौखलाहट में बयानबाजी कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान को बेहद शर्मनाक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि बिना जांच के पंजाब जैसे संवेदनशील बॉर्डर स्टेट के मुख्यमंत्री का यह बयान गंभीर और चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री मान द्वारा ब्लॉस्ट को छोटी घटना बताना कई सवाल खड़े करता है कि आखिर पंजाब को आम आदमी पार्टी की सरकार किस दिशा में लेकर जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले ही नशा जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, और ऐसे में सुरक्षा से जुड़े मामलों पर पंजाब के सीएम की इस तरह की बयानबाज़ी चिंता को और बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब को चुटकुलों की नहीं, शांति और सुरक्षा की जरूरत है।
एक सवाल पर मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा को जो प्रचंड बहुमत मिला है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम चुनावों में देखने को मिल रहा है।श्री बड़ौली ने विपक्षी नेताओं की भाषा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बयानबाजी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और वे सीधे जनता को निशाना बना रहे हैं। इसके विपरीत भाजपा जनता के आशीर्वाद को अपनी ताकत मानती है और सेवा भाव से काम करती है।
बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में नायब सैनी सरकार ने जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 63 वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि चुनाव के समय हिमाचल में कांग्रेस ने 1500 और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 1000 रुपये महिलाओं को देने के वादे किए थे, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं हुआ। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं को जो वादा किया वह पूरा किया। आज महिलाओं को 2100 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं की पवित्र भूमि है। भाजपा गुरूओं, संतों के बताए मार्ग पर चलने वाली पार्टी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने भी भाजपा को पूरा आशीर्वाद देने का मन बनाया हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब की जनता भी भाजपा को समर्थन देकर सरकार बनाने का काम करेगी।नगर निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि 10 मई को होने वाले नगर निकाय चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत मिलेगा और विकास की गति और तेज होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बार एसोसिएशन से किया समर्थन का आह्वान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को पंचकूला कोर्ट परिसर पहुंचकर बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल सहित सभी वार्ड प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा।
बैठक को संबोधित करते हुए बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंचकूला के समग्र विकास के लिए मेयर सहित सभी भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना आवश्यक है। उन्होंने बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों से अपील की कि वे 10 मई को होने वाले नगर निगम चुनाव में कमल के निशान के सामने बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भी पार्टी प्रत्याश्यिं के समर्थन में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष जय मित्तल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और अधिवक्ता मौजूद रहे।













Total Users : 312523
Total views : 524682