May 23, 2026 5:28 pm

May 23, 2026 5:28 pm

नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव 2026 भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र, पार्किंग, सफाई, सीवरेज और सुरक्षा को बनाया मुख्य एजेंडा

17 मई के मतदान से पहले भाजपा ने रखा विकास का रोडमैप, कहा—वादों नहीं, योजनाओं के साथ जनता के बीच उतरे हैं
रविदत्त भारद्वाज
राजगढ़ सिरमौर, 15 मई। नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव 2026 को लेकर भाजपा मंडल राजगढ़ ने अपना विस्तृत संकल्प पत्र जारी कर नगरवासियों के सामने विकास का रोडमैप रखा है। पार्टी ने 17 मई को होने वाले चुनाव से पहले पार्किंग, सफाई व्यवस्था, सीवरेज, सड़क, सुरक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश वर्मा ने पत्रकार वार्ता में संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनावी घोषणाएं करने नहीं आई है, बल्कि नगर के समग्र विकास की स्पष्ट और व्यवहारिक योजना लेकर जनता के बीच उतरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के माध्यम से प्रत्येक वार्ड की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को समझते हुए अपना विजन जनता तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा का लक्ष्य नगर पंचायत राजगढ़ को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आदर्श नगर के रूप में विकसित करना है।

पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान का वादा
भाजपा ने राजगढ़ शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग को बताया है। संकल्प पत्र में कहा गया है कि शहर में आधुनिक और व्यवस्थित पार्किंग सुविधा विकसित करना प्राथमिकता रहेगी, ताकि वर्षों से चली आ रही पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
श्मशान घाट तक सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प
फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित श्मशान घाट तक पहुंचने में लोगों को हो रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए वहां सड़क निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य करवाने का वादा किया गया है।

कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में सुधार पर जोर
भाजपा ने नगर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को अधिक नियमित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की बात कही है। पार्टी ने दावा किया कि इस व्यवस्था से नगरवासियों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने का भी प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और आधुनिक स्ट्रीट लाइटें
नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और गलियों में आधुनिक स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने का वादा किया गया है।

अस्पताल परिसर में बढ़ेंगी सुविधाएं
राजगढ़ के एकमात्र अस्पताल के आसपास सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पेयजल सुविधा हेतु वाटर कूलर और बेहतर शौचालय सुविधाएं उपलब्ध करवाने का संकल्प भी भाजपा ने लिया है।
नेहरू मैदान के सौंदर्यीकरण की योजना
नगर के प्रमुख और एकमात्र नेहरू मैदान के सौंदर्यीकरण एवं विकास को भी भाजपा ने अपने एजेंडे में शामिल किया है। यहां हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना का भी उल्लेख किया गया है, जिससे युवाओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
लंबित सीवरेज परियोजना को पूरा करवाने का दावा
भाजपा ने शहर की लंबे समय से लंबित सीवरेज परियोजना को शीघ्र शुरू कर पूरा करवाने का आश्वासन दिया है।

सड़क और जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर फोकस
संकल्प पत्र में प्रत्येक वार्ड के कच्चे रास्तों को पक्का और सुगम बनाने, नालियों की नियमित सफाई करवाने तथा नई नालियों का निर्माण कर जल निकासी समस्या का समाधान करने की बात कही गई है।
बेहतर पेयजल आपूर्ति और नशा मुक्त नगर का लक्ष्य
भाजपा ने नगर में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ राजगढ़ को नशा मुक्त नगर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने की घोषणा भी की है।

विभिन्न वार्डों में एम्बुलेंस मार्ग निर्माण का वादा
संकल्प पत्र में विभिन्न वार्डों में एम्बुलेंस मार्ग निर्माण को भी प्रमुखता दी गई है।
वार्ड नंबर 1 में लोवाल एवं पीडब्ल्यूडी कॉलोनी तक एम्बुलेंस सड़क निर्माण।
वार्ड नंबर 2 में ऊपरी मोहल्ले तक एम्बुलेंस मार्ग।
वार्ड नंबर 4 में एसवीएन स्कूल तक एम्बुलेंस सड़क निर्माण।
वार्ड 4 में पहले से चल रहे एम्बुलेंस मार्ग निर्माण कार्य में सुधार कर उसे शीघ्र पूरा करवाने का आश्वासन।
पूर्व नगर पंचायत पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
भाजपा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए पूर्व नगर पंचायत के कुछ लोगों पर विकास कार्यों का श्रेय लेने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। पार्टी ने दावा किया कि वार्ड नंबर 4 में नाला और एम्बुलेंस सड़क निर्माण कार्य सांसद सुरेश कश्यप द्वारा उपलब्ध कराई गई 5 लाख रुपये की सहायता से शुरू हो सका।
इसके अलावा भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछले कार्यकाल में ठोड कॉलोनी स्थित कूड़ा संयंत्र, कूड़ा ढुलान और अन्य विकास कार्यों में भ्रष्टाचार चरम पर रहा। पार्टी का कहना है कि इन मामलों से जुड़े दस्तावेज आरटीआई के माध्यम से प्राप्त किए गए हैं और आने वाले समय में तथ्यों को जनता के सामने रखा जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 4 6 1
Total Users : 323461
Total views : 540129

शहर चुनें