August 29, 2026 4:43 pm

August 29, 2026 4:43 pm

HARYANA NEWA: HPSC कार्यालय के बाहर इनेलो का जोरदार प्रदर्शन, भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल

हरियाणा के युवाओं की अनदेखी का आरोप, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला/चंडीगढ़, 18 मई — इंडियन नेशनल लोकदल ने सोमवार को पंचकूला स्थित हरियाणा लोक सेवा आयोग कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में धांधली और हरियाणा के युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने पंचकूला एडीसी को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
प्रदर्शन में इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, विधायक आदित्य देवीलाल, युवा राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला, विधायक अर्जुन चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा तथा इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बिना पर्ची-बिना खर्ची का दावा झूठ” : अभय चौटाला
मीडिया से बातचीत में अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार “बिना पर्ची-बिना खर्ची” भर्ती का दावा करती है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि ए और बी ग्रुप की गजटेड पोस्टों पर भाजपा शासित प्रदेशों से लोगों को भर्ती किया जा रहा है, जबकि हरियाणा के पीएचडी, नेट, एमए, एमफिल और एमटेक पास युवा चपरासी की नौकरी करने को मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े लोगों को प्रशिक्षित कर विभिन्न राज्यों में नियुक्त किया जा रहा है। अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि सरकार ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो इनेलो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

भाजपा युवाओं को बेरोजगार रखकर कमजोर करना चाहती है” : प्रो. संपत सिंह
इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश का भविष्य युवा हैं, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें बेरोजगार रखकर कमजोर करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न संस्थानों में आरएसएस विचारधारा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

“90 प्रतिशत भर्ती बाहर के लोगों की” : रामपाल माजरा
प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने दावा किया कि ए और बी ग्रुप की कई भर्तियों में 90 प्रतिशत चयन हरियाणा से बाहर के उम्मीदवारों का हुआ है। उन्होंने विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों की भर्ती के आंकड़े भी प्रस्तुत किए।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप
युवा राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी की सबसे बड़ी मार झेल रहा है। बेरोजगारी के कारण युवा नशे और अपराध की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से युवाओं को रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
वहीं विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि हरियाणा का युवा चाहे कितनी भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर ले, भाजपा सरकार उसे केवल चपरासी की नौकरी तक सीमित कर रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 4 5 9
Total Users : 400459
Total views : 646147

शहर चुनें