June 5, 2026 5:32 am

June 5, 2026 5:32 am

PANCHKULA NEWS: अवैध खनन पर सरकार का बड़ा एक्शन: पंचकूला में सहायक खनन अभियंता सस्पेंड

कृष्ण लाल पंवार की दो टूक—खनन माफिया बख्शे नहीं जाएंगे, बिना लाइसेंस मीट दुकानों पर भी चलेगा अभियान
रमेश गोयत
पंचकूला, 25 मई। हरियाणा सरकार ने पंचकूला में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव खेड़ावाली और रायपुररानी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने का आदेश भी जारी किया गया है।

सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने साफ कहा कि प्रदेश में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को रात के समय गश्त बढ़ाने तथा अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 4 मामलों में संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक से पहले समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त सतपाल शर्मा सहित प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बिना लाइसेंस मीट दुकानों पर 10 दिन की मोहलत
गांव बुढ़नपुर के निवासियों ने इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित मीट दुकानों की शिकायत उठाई। इस पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने संबंधित विभागों को विशेष अभियान चलाकर 10 दिनों के भीतर सभी अवैध मीट दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को क्षेत्र में पीसीआर वाहन तैनात करने के भी आदेश दिए ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिना वैध लाइसेंस के किसी भी प्रकार का व्यवसाय संचालित नहीं होने दिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी जमीनों पर कब्जों के खिलाफ भी सख्ती
पिंजौर के ईशरनगर में आंगनवाड़ी केंद्र के सामने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर मंत्री ने नगर परिषद कालका को पूरे खसरे की निशानदेही करवाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। वहीं गांव बागवाली में नेशनल हाईवे की जमीन पर कब्जा कर रास्ता बंद करने के मामले में एनएचएआई अधिकारियों को पुलिस मौजूदगी में निशानदेही कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

सेक्टर-11 पंचकूला में स्टिल्ट पार्किंग के बावजूद अवैध रैंप, गेट और बगीचे बनाकर सड़कें संकरी करने की शिकायत पर भी मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सड़क, जल निकासी और स्कूल दीवार के मुद्दे भी उठे
बरवाला से भरेली तक खराब सड़क की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को तुरंत मरम्मत और गड्ढे भरने के आदेश दिए गए। वहीं गांव बतौड़ में गंदे पानी की निकासी न होने की समस्या पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
गांव बागवाली के स्कूल की टूटी चारदीवारी के मामले में शिक्षा विभाग ने जानकारी दी कि 8.70 लाख रुपये का अनुमान मंजूर हो चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।

“कोई शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए”
बैठक से पहले अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार पंचकूला और कुरुक्षेत्र जिलों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है और उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिला स्तरीय बैठकों में स्वयं अधिकारी उपस्थित रहें, अधीनस्थ कर्मचारियों को भेजने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री ने टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि पंचकूला जिला कष्ट निवारण समिति को प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ समिति बनाया जाएगा।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 2 7 5
Total Users : 333275
Total views : 554044

शहर चुनें