November 16, 2026 11:44 pm

November 16, 2026 11:44 pm

हरियाणा महिला कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक विस्तार, 38 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति

पर्ल चौधरी की अनुशंसा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने दी मंजूरी; 6 उपाध्यक्ष, 4 महासचिव, 7 सचिव और 21 जिला अध्यक्ष नियुक्त

पर्ल चौधरी बोलीं— आधी आबादी अपना पूरा हक लेकर रहेगी, महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने की भाजपा की तिकड़म का करेंगे विरोध

बाबूगिरी न्यूज़
नई दिल्ली / चंडीगढ़, 16 नवंबर। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती अलका लांबा ने हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी की अनुशंसा पर प्रदेश संगठन के 38 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इनमें 6 प्रदेश उपाध्यक्ष, 4 प्रदेश महासचिव, 7 प्रदेश सचिव और 21 जिलों की महिला कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हैं।
संगठन विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व के पावन अवसर पर, जब हम सभी अपने परिवार की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए भगवान सूर्य की आराधना करते हैं, उसी अवसर पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने भी अपने संगठन रूपी परिवार का विस्तार किया है।
उन्होंने कहा कि यह केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति नहीं, बल्कि हरियाणा की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और संगठन को गांव, वार्ड एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आधी आबादी अपना पूरा हक लेकर रहेगी : पर्ल चौधरी

पर्ल चौधरी ने कहा, “भाजपा देश की आधी आबादी को परिसीमन के विवादों में उलझाकर उनके वर्तमान और भविष्य के अधिकारों से वंचित नहीं रख सकती। आधी आबादी अपना पूरा हक लेकर रहेगी। महिलाओं को केवल आरक्षण का आश्वासन नहीं, बल्कि राजनीति और सत्ता में वास्तविक भागीदारी चाहिए।”
उन्होंने महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन को परिसीमन से जोड़ने पर कड़ा विरोध जताया।
चौधरी ने कहा, “महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने की भाजपा की तिकड़म का हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है। महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों को टालने की राजनीतिक चाल को हम सफल नहीं होने देंगे। हमारी स्पष्ट मांग है कि महिला आरक्षण को बिना अनावश्यक विलंब के लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की महिलाएं लोकतंत्र, संविधान और अपने मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगी तथा अलका लांबा जी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस संगठन को और मजबूत करेंगी।
पर्ल चौधरी ने संगठन विस्तार के लिए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं जननायक श्री राहुल गांधी, सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी तथा कांग्रेस के संगठन महासचिव श्री के.सी. वेणुगोपाल का विशेष आभार व्यक्त किया।
उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाते हुए कहा, “हरियाणा की महिलाएं राष्ट्रीय नेतृत्व की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी। हमारी नवनियुक्त टीम पूरी निष्ठा, समर्पण और संघर्ष के साथ महिलाओं की आवाज बनेगी। हम कांग्रेस की विचारधारा को हर गांव और हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पर्ल चौधरी ने उनकी अनुशंसा को स्वीकृति देने के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती अलका लांबा जी को विशेष धन्यवाद किया।
साथ ही उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा, सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का भी आभार व्यक्त किया।
पर्ल चौधरी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम की प्राथमिकता महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और महिलाओं से जुड़े सामाजिक, आर्थिक एवं संवैधानिक अधिकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना होगी।
उन्होंने कहा, “छठ महापर्व पर महिला कांग्रेस के परिवार का यह विस्तार एक नई शुरुआत है। हमारा संकल्प है आधी आबादी अपना पूरा हक लेकर रहेगी और हरियाणा की महिलाएं अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 5 8 3 5
Total Users : 455835
Total views : 721273

शहर चुनें