वीर फाउंडेशन ने जींद में आयोजित किया पत्रकार सम्मान समारोह; पत्रकारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया
बाबूगिरी न्यूज़
जींद, 16 नवम्बर। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर वीर फाउंडेशन की ओर से जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें दिवंगत पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की स्मृति में पत्रकारों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेशभर से 250 से अधिक पत्रकारों ने शिरकत की। कार्यक्रम में चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. रामपाल सैनी ने मुख्य संरक्षक, मुख्यातिथि के रूप में एसपी उपासना शिरकत की। मुख्यमंत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर अशोक छाबड़ा और हरियाणा सरकार के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी भी कार्यक्रम में स्पेशल गेस्ट के तौर पर मौजूद रहे।
इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देशभर के पांच पत्रकारों को रामचंद्र छत्रपति गौरव अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। सम्मानित पत्रकारों को अवार्ड के साथ प्रत्येक पत्रकार को 5100 रुपए नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। समारोह में रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने कहा कि उनके पिता ने अपनी कलम के माध्यम से सच सामने लाने के लिए प्राण तक न्योछावर कर दिए, लेकिन अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे। यह गौरव की बात है कि वीर फाउंडेशन ने उनकी स्मृति में अवार्ड शुरू किया है। विशिष्ट अतिथि एसपी उपासना ने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। डिजिटल मीडिया के दौर में खबरें जल्द से जल्द प्रसारित करने का दबाव रहता है। ऐसे में पत्रकारिता पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण हो गई है। पत्रकारों को खबर प्रसारित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन जरूर करना चाहिए, क्योंकि गलत जानकारी बहुत तेजी से वायरल होती है और इसका समाज पर पड़ने वाला असर गंभीर हो सकता है। मुख्यातिथि वीसी प्रो. रामपाल सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पत्रकारिता के महत्व को याद करने के साथ-साथ उसके दायित्वों और मूल्यों के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है। पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ और समाज की सजग प्रहरी है। इसका उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि तथ्यों के माध्यम से जनहित के मुद्दों को सामने लाना, सत्ता और व्यवस्था की जवाबदेही तय करना तथा आमजन की आवाज को मंच देना है। डिजिटल मीडिया के दौर में सूचनाओं की गति बढ़ी है, लेकिन भ्रामक खबरों की चुनौती भी गंभीर हुई है। ऐसे में पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्यता और नैतिकता को सर्वोपरि रखना चाहिए।
वीर फाउंडेशन के प्रेसिडेंट विजेंद्र कुमार ने कहा कि पत्रकारिता समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम है। लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकार का दायित्व है कि वह निष्पक्षता, निर्भीकता और तथ्यों की प्रमाणिकता के साथ जनहित के मुद्दों को सामने लाए। बदलते दौर में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन इन सबके बीच अपनी विश्वसनीयता और मूल्यों को बनाए रखना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के बीच एकजुटता और आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को मजबूत करना है। इस अवसर पर पत्रकारों के स्वास्थ्य की जांच के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। आस संस्था की ओर से शिविर में पत्रकारों के स्वास्थ्य की जांच की गई। कार्यक्रम में विभिन्न खापों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें कंडैला खाप के प्रधान ओमप्रकाश, माजरा खाप के प्रधान गुरविंद्र संधू व प्रवक्ता समुंद्र, नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान व उमेद जागलान और ढुल खाप के प्रधान हरपाल ढुल शामिल रहे। इनके अलावा मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा सरकार के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, आस संस्थान के डॉ. नरेश, ओम आयुर्वेदा के आचार्य विकास कुमार, एमडीडी ऑफ इंडिया के नरेंद्र शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार दीपकमल सहारण सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इन पांच पत्रकारों को मिला रामचंद्र छत्रपति गौरव अवार्ड
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड : पांच दशक से अधिक समय से पत्रकारिता कर रहे केबी पंडित को पत्रकारिता में उनके लंबे योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
चाइल्ड एंड डिजिटल सेफ्टी अवार्ड : बीबीसी की वरिष्ठ पत्रकार दिव्या आर्या को बाल सुरक्षा और डिजिटल सेफ्टी के क्षेत्र में की गई इन्वेस्टिगेशन के लिए यह अवार्ड दिया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित होने का खुलासा किया था, जिसके बाद पॉलिसी में बदलाव किए गए।
इन्वेस्टिगेशन एवं खोजी पत्रकारिता अवार्ड : दैनिक भास्कर के स्टेट ब्यूरो मनोज कुमार को खोजी पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने सीईटी के रिजल्ट में खामियों सहित विभिन्न मुद्दों पर कई महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशित कीं।

पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान : खबरें अभी तक के संपादक डॉ. नासिर कुरैशी को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और उत्कृष्ट खबरों के लिए सम्मानित किया गया।
इन्वेस्टिगेशन जर्नलिज्म एवं ब्रेकिंग अवार्ड : सूचना आयुक्त और दो दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता कर चुके डॉ. अजय सूरा को यह अवार्ड दिया गया। उन्होंने कानूनी मुद्दों पर लगातार प्रभावशाली लेखन किया है।













Total Users : 455835
Total views : 721273