बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़/कैथल, 29 मई। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) कैथल में तैनात क्लर्क संजय को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो द्वारा आरोपी के खिलाफ थाना SV&ACB अंबाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 09 दिनांक 29 मई 2026 दर्ज की गई है।
वीटा बूथ आवंटन के बदले मांगी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने SV&ACB को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि HSVP कैथल में कार्यरत क्लर्क संजय विटा बूथ के आवंटन से संबंधित कार्य पूरा करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता का कहना था कि आरोपी बिना रिश्वत लिए सरकारी कार्य करने से इंकार कर रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर SV&ACB की फतेहाबाद इकाई ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप लगाया।
निर्धारित योजना के तहत टीम ने आरोपी पर निगरानी रखी और जैसे ही उसने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, ब्यूरो की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
BNSS की धारा 105 के तहत हुई कार्रवाई
ब्यूरो के अनुसार ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
SV&ACB अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आमजन से अपील
SV&ACB ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 तथा 1064 पर दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।













Total Users : 333266
Total views : 554035