एसवी एवं एसीबी हिसार की टीम ने तोशाम तहसील में की कार्रवाई, पटवारी कृष्ण को रिश्वत की राशि सहित दबोचा
आरोपी पटवारी पहले ही 2,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था, शेष 2,200 रुपये लेते हुए किया गिरफ्तार
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 16 नवंबर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तोशाम तहसील में तैनात पटवारी कृष्ण को 2,200 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता की जमीन का इंतकाल दर्ज करने और उसकी कॉपी उपलब्ध करवाने की एवज में कुल 4,200 रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 2,000 रुपये आरोपी पहले ही ले चुका था, जबकि शेष 2,200 रुपये लेते हुए उसे एसवी एवं एसीबी की टीम ने काबू कर लिया।
इंतकाल दर्ज करने और कॉपी देने के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एवं एसीबी को शिकायत दी थी कि तोशाम तहसील में तैनात पटवारी कृष्ण उसकी जमीन का इंतकाल दर्ज करने और उसकी कॉपी उपलब्ध करवाने के बदले 4,200 रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी पटवारी 2,000 रुपये पहले ही रिश्वत के रूप में ले चुका था। शिकायत के आधार पर एसवी एवं एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी कृष्ण को शिकायतकर्ता से शेष 2,200 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में थाना एसवी एवं एसीबी हिसार में एफआईआर नंबर 46, दिनांक 16 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप की कार्रवाई इंस्पेक्टर जगजीत सिंह, एसवी एवं एसीबी यूनिट भिवानी के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में संजय मक्कड़, एसडीओ, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भिवानी मौजूद रहे। ट्रैप की पूरी प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के अनुसार पूरी की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
-‘सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से दें भ्रष्टाचार की सूचना
एसवी एवं एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दी जा सकती है। शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को विशेष महत्व दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि बिना किसी भय या संकोच के भ्रष्टाचार की सूचना दें और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।













Total Users : 455835
Total views : 721273