रमेश गोयत
चंडीगढ़, 29 मई। यूटी चंडीगढ़ के आबकारी एवं कराधान आयुक्त निशांत यादव, आईएएस के दिशा-निर्देशन में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-9 स्थित “काउबॉय” रेस्टोरेंट में छापा मारा। यह कार्रवाई विभाग को एक विश्वसनीय मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
रेड के दौरान आबकारी विभाग की टीम का नेतृत्व एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर भूपिंदर राणा तथा एक्साइज इंस्पेक्टर जगबीर सिंह ने किया। उनके साथ विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। टीम ने रेस्टोरेंट परिसर की गहन जांच की, जिसमें वहां से भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद की गईं।
जांच के दौरान यह सामने आया कि रेस्टोरेंट के पास शराब के भंडारण और परोसने के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस मौजूद नहीं था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिना लाइसेंस शराब रखना और उसका उपयोग करना आबकारी अधिनियम तथा लाइसेंसिंग नियमों का सीधा उल्लंघन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी विभाग ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 68(1)(बी) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध शराब कारोबार, बिना लाइसेंस शराब परोसने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
विभाग की इस कार्रवाई को शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













Total Users : 333274
Total views : 554043