September 21, 2026 2:45 am

September 21, 2026 2:45 am

दिल्ली विधानसभा शीतकालीन सत्र का चौथा दिन आज, तीन अहम बिल और 8 कैग रिपोर्ट होंगी पेश

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सदन में नीतिगत फैसलों और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इस दौरान तीन अहम विधेयक पेश किए जाएंगे, जबकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विधानसभा में कुल 8 कैग (CAG) रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। विधानसभा सचिव रंजीत सिंह द्वारा जारी कार्य सूची के अनुसार सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी।

प्रश्नकाल से होगी कार्यवाही की शुरुआत
कार्य सूची के मुताबिक पहले प्रश्नकाल आयोजित होगा, जिसमें सदस्यों द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके बाद नियम 280 के तहत विशेष उल्लेख में अध्यक्ष की अनुमति से विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे सदन के पटल पर रखेंगे।

अनुपूरक अनुदान और विनियोजन विधेयक पर मतदान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक अनुदान मांगों को सदन में प्रस्तुत करेंगी, जिस पर चर्चा के बाद मतदान कराया जाएगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री दिल्ली विनियोजन (संख्या-1) विधेयक, 2026 (विधेयक संख्या-04) पेश करेंगी और इसे पारित करने का प्रस्ताव रखेंगी।

सदन में पेश होंगी 8 कैग रिपोर्ट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा विभिन्न वर्षों से संबंधित दिल्ली सरकार की 8 कैग रिपोर्ट सदन में रखी जाएंगी। इनमें—
31 मार्च 2021 को समाप्त वर्ष की कैग रिपोर्ट
2020-21 के वित्त वर्ष की राजस्व, आर्थिक, सामाजिक एवं सामान्य क्षेत्र से संबंधित रिपोर्ट
विशेष देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के निष्पादन पर वर्ष 2023 की रिपोर्ट
31 मार्च 2022 को समाप्त वर्ष की राज्य वित्त लेखा परीक्षा रिपोर्ट
31 मार्च 2023 से संबंधित कैग रिपोर्ट (2024)
31 मार्च 2022 से संबंधित कैग रिपोर्ट संख्या-5
दिल्ली जल बोर्ड से संबंधित कैग रिपोर्ट
इसके अलावा शिक्षा मंत्री आशीष सूद द्वारा इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी दिल्ली (IIIT-D) के वित्त वर्ष 2021-22 और 2022-23 की कैग रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।

ये अहम विधेयक होंगे पेश
विधायी कार्य मंत्री प्रवेश साहिब सिंह 6 जनवरी को पेश किए गए न्यायालय शुल्क (संशोधन) विधेयक, 2026 पर विचार और पारित करने का प्रस्ताव रखेंगे।
वहीं, मंत्री प्रवेश वर्मा दिल्ली जनविश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक, 2026 को सदन के पटल पर रखेंगे।
श्रम मंत्री कपिल मिश्रा द्वारा दिल्ली दुकान एवं प्रतिष्ठान संशोधन विधेयक, 2026 प्रस्तुत किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तुतियां और वक्तव्य
कार्य मंत्रणा समिति और विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट सदन को अवगत कराई जाएगी
विधायक अजय महावर और अभय वर्मा लोक लेखा समिति की रिपोर्ट पेश करेंगे
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण की वर्तमान स्थिति पर वक्तव्य देंगे
शिक्षा मंत्री आशीष सूद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर सदन को संबोधित करेंगे
विधायक अनिल शर्मा अटल कैंटीन योजना के सफल क्रियान्वयन पर सरकार को बधाई प्रस्ताव रखेंगे
उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर मंत्री रविंद्र सिंह इन्द्राज की चर्चा जारी रहेगी
कुल मिलाकर, दिल्ली विधानसभा का गुरुवार का सत्र नीतिगत निर्णयों, विधायी कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 3 4 3
Total Users : 417343
Total views : 668720

शहर चुनें