नई दिल्ली: उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड के साथ शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। दिल्ली और एनसीआर में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 78 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा।
आईएमडी ने गुरुवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के समय आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। 13 जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने और गलन भरी ठंड बरकरार रहने की संभावना है।
उधर, वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह 7:15 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 279 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो फरीदाबाद में AQI 282, गुरुग्राम में 272, गाजियाबाद में 288, ग्रेटर नोएडा में 266 और नोएडा में 268 रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 200 से 300 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 300 से ऊपर और 400 के करीब पहुंच गया है। ठंड, कोहरे और प्रदूषण के इस त्रिकोणीय असर से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।












Total Users : 369029
Total views : 603508