October 14, 2026 2:16 am

October 14, 2026 2:16 am

HARYANA: प्रदेश सरकार एचआईवी की रोकथाम और पीड़ितों की देखभाल सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध : आरती सिंह राव

एचआईवी/एड्स नियंत्रण के लिए व्यापक क्षमता निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन

चंडीगढ़, 8 जनवरी – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार एचआईवी की रोकथाम तथा इससे प्रभावित लोगों की देखभाल और उपचार सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, भारत सरकार के वर्ष 2030 तक एड्स को समाप्त करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिसके तहत व्यापक क्षमता निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए और डेटा प्रबंधन प्रणाली (SIMS) को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था में सुधार हो सके।
हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की उपनिदेशक डॉ. मीनाक्षी सोई ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) के प्रमुख घटकों पर आधारित एक व्यापक क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन 5 जनवरी से 10 जनवरी तक पंचकूला में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यशाला तीन चरणों में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य एचआईवी से जुड़े सेवा कार्यों में संलग्न फील्ड स्तर के कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता और कार्य निष्पादन क्षमता को बढ़ाना है। डॉ. मीनाक्षी ने कहा कि प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन ही प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव होते हैं।
कार्यशाला के दौरान यौन संचारित संक्रमण (STI) सेवाएं, ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (OST) केंद्र, उच्च जोखिम एवं संवेदनशील समूहों के लिए लक्षित हस्तक्षेप (TI) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्ट्रेंथनिंग ओवरऑल केयर फॉर एचआईवी (SOCH) पोर्टल पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है, जो एचआईवी सेवाओं के लिए एकीकृत राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म है।
डॉ. मीनाक्षी सोई ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) से जुड़े आईटी विशेषज्ञ श्री रोशन चौहान और श्री अभिनाश कुमार गुप्ता इस प्रशिक्षण में संसाधन व्यक्ति के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को डेटा रिकॉर्डिंग, रिपोर्टिंग, केस प्रबंधन और SOCH पोर्टल के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्यभर के सभी STI काउंसलर और OST डेटा मैनेजर इस क्षमता निर्माण पहल में भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग, लाइव डेमोंस्ट्रेशन, तकनीकी समस्याओं का समाधान और इंटरएक्टिव सत्र शामिल हैं, ताकि फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
डॉ. मीनाक्षी ने कहा कि इस पहल से न केवल निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और जरूरतमंद समुदायों तक प्रभावी पहुंच भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने दोहराया कि यह प्रयास वर्ष 2030 तक एड्स को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप है और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 7 2 9
Total Users : 429729
Total views : 685185

शहर चुनें