रमेश गोयत
चंडीगढ़, 6 अगस्त। आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनज़र हरियाणा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ लगातार प्रभावी परिणाम दे रहा है। महज चार दिनों (1 से 4 अगस्त) में हरियाणा पुलिस ने 1253 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर अपराध जगत में बड़ा संदेश दिया है। इस अवधि में 1196 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 204 गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया, जबकि 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट और 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गईं। स्वतंत्रता दिवस से पहले अपराधियों पर की गई यह व्यापक कार्रवाई प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में हरियाणा पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।हरियाणा पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जिला पुलिस, अपराध शाखाओं, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) तथा अन्य विशेष इकाइयों द्वारा लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।
–
अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है हरियाणा पुलिस: डीजीपी अजय सिंघल
पुलिस महानिदेशक हरियाणा श्री अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय स्थापित करना तथा प्रदेशवासियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गंभीर अपराध में संलिप्त व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों तथा विशेष इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वांछित, फरार और आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करते हुए उनके आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस संगठित अपराध, फरार अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सुरक्षित, अपराधमुक्त और कानून के राज वाले हरियाणा के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ साकार कर रही है। प्रदेशवासियों की सुरक्षा हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गंभीर अपराधों में अपराधियों पर कसी नकेल, चार दिनों में 204 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस महानिरीक्षक, राज्य अपराध शाखा राकेश आर्य ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत गंभीर प्रकृति के अपराधों पर विशेष फोकस रखते हुए पुलिस ने चार दिनों में 151 गंभीर मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें आर्म्स एक्ट के 55 मामलों में 59 आरोपी, हत्या के प्रयास के 34 मामलों में 63 आरोपी, हत्या के 23 मामलों में 26 आरोपी, लूट के 14 मामलों में 20 आरोपी, स्नैचिंग के 9 मामलों में 17 आरोपी, फिरौती के 6 मामलों में 6 आरोपी, अपहरण के 6 मामलों में 5 आरोपी तथा डकैती के 3 मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य श्रेणी के 1045 मामलों में 1049 अपराधियों को भी गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया।
हिस्ट्रीशीटरों पर भी सख्त निगरानी
अभियान के दौरान पुलिस ने 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 143 हिस्ट्रीशीटों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को और अधिक मजबूत बनाया गया। इससे ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और भविष्य में उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
–
अभियान रहेगा लगातार जारी
सिंघल ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन आने वाले दिनों में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। सभी जिला पुलिस इकाइयों, अपराध शाखाओं, एसटीएफ तथा अन्य विशेष इकाइयों को फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, अवैध हथियारों की बरामदगी तथा संगठित अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए निरंतर छापेमारी और विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।












Total Users : 383734
Total views : 623580