अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलाः हरियाणा पवेलियन में सजा एक्सपोर्ट कॉर्नर, बना प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री के संकल्प का प्रतीक
पहली बार हरियाणा पवेलियन में बनाया गया एक्सपोर्ट कॉर्नर, प्रदेश की औद्योगिक ताकत और हुनर की दिखी झलक
प्रदेश से विदेश पहुंचने वाले उत्पादों का हुआ प्रदर्शन, खरीदार सीधे उत्पादक से कर सकते हैं संपर्क
बाबूगिरी न्यूज़
चण्डीगढ़, 14 नवंबर- देश को एक्सपोर्ट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरी तरह संकल्पित हैं। इसी संकल्प की एक सशक्त तस्वीर दिल्ली के प्रगति मैदान में लगे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिल रही है, जहां पहली बार हरियाणा पवेलियन में विशेष एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाया गया है। यह कॉर्नर केवल प्रदर्शनी का एक हिस्सा नहीं, बल्कि हरियाणा के उद्यमियों के हुनर और दुनिया के बाजारों के बीच एक सीधा पुल है। यहां प्रदेश से विदेशों में भेजे जाने वाले उत्पादों को सजाकर प्रदर्शित किया गया है, ताकि मेले में आने वाले हर आगंतुक को यह अहसास हो कि हरियाणा में बना सामान आज सात समंदर पार तक अपनी पहचान बना रहा है।
उत्पादक और खरीदार के बीच सीधा संवाद
इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा के एमएसएमई के उप निदेशक रमनदीप ने बताया कि एक्सपोर्ट कॉर्नर में प्रदेश से विदेशों में एक्सपोर्ट होने वाले उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बताया कि हर उत्पाद के साथ केवल उसकी जानकारी ही नहीं, बल्कि संबंधित उत्पादकों का विवरण भी उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि यदि कोई देशी या विदेशी खरीदार किसी उत्पाद में रुचि दिखाए और अधिक जानकारी मांगे तो उसे बिना किसी बिचौलिए के सीधे उत्पादक तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के उत्पादकों, विशेषकर छोटे और मध्यम उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध हुआ है। इससे उन्हें विदेशों से भी ऑर्डर प्राप्त होने की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस कॉर्नर का मूल मकसद प्रदेश में एक्सपोर्ट को अधिक से अधिक बढ़ाना और हरियाणा के उत्पादों को वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान दिलाना है।
विशेष तौर पर बना एक्सपोर्ट कॉर्नर
हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस बार मेला प्रशासन ने विशेष तौर पर सभी राज्यों से अनुरोध किया था कि वे अपने राज्य पवेलियन में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उच्च मांग वाले निर्यात उत्पादों के प्रदर्शन की व्यवस्था करें। इसके लिए पवेलियन में अलग से एक एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाने का सुझाव दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस सुझाव के मद्देनजर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार इस बार हरियाणा पवेलियन में एक्सपोर्ट कॉर्नर तैयार किया गया है। यह पहल दर्शाती है कि प्रदेश सरकार न केवल केंद्र के विजन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है, बल्कि उसे धरातल पर उतारने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।
हरियाणा के हुनर की झलक: ये उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
उपनिदेशक रमनदीप ने बताया कि एक्सपोर्ट कॉर्नर में हरियाणा की विविध औद्योगिक क्षमता की झलक देखने को मिल रही है। यहां कॉपर उत्पाद, रेडीमेड गारमेंट, पेपर टैग, फुटबॉल, लैदर जैकेट, योगा मैट, वॉल माउंट फ्रेम, मेडिकल किट, बिल्डिंग वायर, नीम प्रोडक्ट, इलेक्ट्रिक स्विच और फ्लोरिंग आइटम सहित अनेक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों की सूची अपने आप में हरियाणा की बहुआयामी औद्योगिक पहचान को बयां करती है। एक ओर खेल के मैदान में काम आने वाली फुटबॉल और फिटनेस के लिए योगा मैट हैं, तो दूसरी ओर घर और निर्माण क्षेत्र से जुड़े बिल्डिंग वायर, इलेक्ट्रिक स्विच और फ्लोरिंग आइटम। फैशन के शौकीनों के लिए रेडीमेड गारमेंट और लैदर जैकेट हैं, तो स्वास्थ्य और प्राकृतिक उपयोग के लिहाज से मेडिकल किट और नीम प्रोडक्ट भी शामिल हैं। यही विविधता हरियाणा को एक्सपोर्ट के क्षेत्र में एक मजबूत और भरोसेमंद राज्य के रूप में स्थापित करती है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आने वाले देशी-विदेशी आगंतुक इस कॉर्नर में रुककर उत्पादों को देख रहे हैं और उनके बारे में जानकारी भी ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपना काफिला रोक कर ग्रामीणों से की मुलाकात, सरकार के काम का लिया फीडबैक
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 14 नवंबर- शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जिला चरखी दादरी के गांव पातुवास जाते समय उन्होंने ढाणी फोगाट गांव में अचानक अपना काफिला रुकवाया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त मनदीप कौर को लोगों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिये। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अपने बीच पाकर लोगों के चेहरों पर काफी खुशी दिखाई दी।
लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक में 16 में से 11 शिकायतों का मौके पर ही किया गया निपटारा
पलवल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को शेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के दिए निर्देश
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 14 नवंबर- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सचिवालय पलवल के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल 16 परिवादों को सुनवाई के लिए रखा गया, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने शिकायते सुनने के दौरान आदेश किए कि कार्यालयों में बायोमेट्रिक तरीके से हाजरी लगाना सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शेष शिकायतों का भी निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गांव धमाका निवासी नवल सिंह की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम पलवल, डीएसपी होडल सहित ग्रीवेंस कमेटी के दो सदस्यों की कमेटी गठित कर मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के सर्विस रोड पर जलभराव की शिकायत पर एनएचएआई के अधिकारियों को ड्रेन की साफ-सफाई करवाकर जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह व्यवस्था सुनिश्चित करें कि गांव का पानी एनएचएआई की सडक़ पर न जाए। इसके अलावा मंत्री राव नरबीर सिंह ने अन्य शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला,उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन हरिराम, नगराधीश प्रीति रावत सहित अन्य विभागाध्यक्ष और जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति के सदस्य तथा शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव भैणी महाराजपुर में रुककर ग्रामीणों का जाना हालचाल, सुनीं समस्याएं
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 14 नवंबर- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को हिसार से पातूवास जाते समय महम उपमंडल के गांव भैणी महाराजपुर में ग्रामीणों को देखकर अचानक रुक गए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से गांव में चल रहे विकास कार्यों तथा उन्हें पेश आ रही समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीणों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री के इस सहज संवाद से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गांव में रुकने और उनका हालचाल जानने के लिए आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के सहकारिता क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की : डॉ. अरविंद शर्मा
डॉ. अरविंद शर्मा ने की अमित शाह से मुलाकात
राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन और सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर हुई विस्तृत चर्चा
हरियाणा की तीन सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय स्तर पर मिले पुरस्कारों को बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की दी जानकारी
किसानों की समृद्धि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने पर हुआ मंथन
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 14 नवंबर- हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन, हरियाणा में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण तथा किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ। डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
हरियाणा की तीन सहकारी चीनी मिलों की उपलब्धियों की हुई विशेष सराहना :
बैठक में हरियाणा की तीन सहकारी चीनी मिलों को हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त प्रतिष्ठित पुरस्कारों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने इस उपलब्धि पर हरियाणा के सहकारिता विभाग की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सहकारिता क्षेत्र की उल्लेखनीय सफलता बताया। उन्होंने सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता, प्रबंधन और प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर सहकारी चीनी मिलों की कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक एवं लाभकारी बनाने, नवीन तकनीक अपनाने, गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने तथा चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को मिल रही नई मजबूती :
डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र को सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सहकारी संस्थाओं को केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए उन्हें किसानों की समृद्धि, ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण, सहकारी बैंकों की सेवाओं के आधुनिकीकरण, डेयरी क्षेत्र के विस्तार तथा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को ऋण, कृषि सेवाओं और अन्य सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर प्रकाश डाला। साथ ही सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की।
राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 से सहकारिता आंदोलन को मिलेगी नई दिशा :
बैठक में राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 के उद्देश्यों और इसके माध्यम से देश में सहकारिता आंदोलन को व्यापक एवं मजबूत आधार प्रदान करने पर भी चर्चा हुई। नीति में सहकारी संस्थाओं के विस्तार, डिजिटलीकरण, पारदर्शी व्यवस्था, वित्तीय सशक्तिकरण और आधुनिक प्रबंधन को विशेष महत्व दिया गया है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से सहकारी संस्थाओं को नई ऊर्जा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं एवं युवाओं की सहकारिता क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने, नए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा गांव-गांव तक सहकारी संस्थाओं की पहुंच मजबूत बनाने की दिशा में भी यह नीति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए राष्ट्रीय सहकारिता नीति के लक्ष्यों को धरातल पर उतारने तथा हरियाणा में सहकारी संस्थाओं की क्षमता और उपयोगिता बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सहकारिता को ग्रामीण समृद्धि और आत्मनिर्भरता का आधार बनाने का संकल्प :
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन कर सहकारिता आंदोलन को नई पहचान और दिशा प्रदान की है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए देशव्यापी स्तर पर महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए प्रदेश के सहकारिता क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। सहकारी बैंकों, पैक्स, डेयरी समितियों और सहकारी चीनी मिलों को मजबूत बनाने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने मुलाकात को बताया प्रेरणादायी और सार्थक :
डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के साथ हुई मुलाकात को आत्मीय, प्रेरणादायी एवं अत्यंत सार्थक बताते हुए कहा कि श्री अमित शाह के मार्गदर्शन से हरियाणा में सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक लेन-देन या संस्थागत व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास, सामूहिक भागीदारी और साझा समृद्धि का आंदोलन है। इसका वास्तविक उद्देश्य किसानों, ग्रामीण परिवारों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और हरियाणा सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश में सहकारिता आंदोलन और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बनेगा। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
पंजाब की जनता से झूठे वादे कर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी ने प्रदेश को भ्रष्टाचार, नशे और अव्यवस्था की ओर धकेला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
पंजाब और हरियाणा का रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि खून और परिवार का रिश्ता है
2029 तक पंजाब से नशे के कारोबार को समाप्त करना भाजपा की गारंटी: मुख्यमंत्री
नशे का कारोबार करने वालों को या तो अपना यह अवैध धंधा छोड़ना होगा या पंजाब छोड़कर कहीं और जाना होगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हरिंदर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने थामा भाजपा का दामन
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 14 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 2022 में पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 सीटें देकर ऐतिहासिक जनादेश दिया था। लोगों को उम्मीद थी कि प्रदेश में नशा समाप्त होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, किसानों की समस्याओं का समाधान होगा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मिलेगा। आम आदमी पार्टी ने खुद को कट्टर ईमानदार बताकर जनता का विश्वास हासिल किया, लेकिन आज पंजाब की जनता अपने उन वादों का हिसाब मांग रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के पटियाला में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सरदार हरिंदर सिंह सबरवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी के पार्टी में शामिल होने से पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार में शामिल हुए सभी साथियों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनके लिए गौरव का विषय है कि वे पटियाला की इस पवित्र धरती पर उपस्थित हैं।पटियाला की धरती के कण-कण में गुरुओं की शिक्षाएं और बलिदान की गाथाएं समाहित हैं। नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी और दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन चरणों से यह भूमि पवित्र हुई है। यहां स्थित गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब और गुरुद्वारा श्री मोती बाग साहिब श्रद्धा एवं आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी द्वारा दिया गया सरबत के भले का संदेश आज भी हर दिल में बसा हुआ है। यह धरती बाबा आला सिंह जी की वीरता और महाराजा भूपिंदर सिंह जी की विरासत की भी साक्षी है।
पंजाब और हरियाणा का रिश्ता राजनीति का नहीं, खून और परिवार का रिश्ता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि खून और परिवार का रिश्ता है। पंजाब के लोग दुखी होते हैं तो हरियाणा के लोगों के दिलों में भी पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि जिस पंजाब ने देश का पेट भरने और देश की सीमाओं की रक्षा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, आज उसी पंजाब को कुछ स्वार्थी लोगों ने अपने राजनीतिक हित साधने के लिए पीछे धकेलने का काम किया है।
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में पंजाब के हर घर में रोजगार देने और नशे को समाप्त करने के वादे किए थे, लेकिन इन वादों का परिणाम शून्य रहा। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने जनता को विश्वास दिलाया कि वह पंजाब का भला करेगी, लेकिन कांग्रेस से भी आगे बढ़कर पंजाब को लूटने और भ्रष्टाचार की दलदल में धकेलने का काम किया।
चुटकुलों से नहीं, काम से जनता का पेट भरता है
मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पांच साल चुटकुलों में निकाल दिए गए। उन्होंने कहा कि चुटकुले सिनेमा हॉल में सुनने में अच्छे लगते हैं, लेकिन जनता के बीच काम की बातें होती हैं। चुटकुलों से प्रदेश का विकास नहीं होता और न ही लोगों की समस्याओं का समाधान होता है। जनता देखती है कि सरकार ने उसके लिए क्या काम किया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को 1 हजार रुपये देने, बुजुर्गों को 2,500 रुपये मासिक पेंशन देने, युवाओं को 25 लाख नौकरियां देने, किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने और तीन से छह महीने में नशे को समाप्त करने का वादा किया था। गरीबों को मजबूत करने की बात भी कही गई थी, लेकिन आज किसान, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सरकार से अपने वादों का हिसाब मांग रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान को चुनौती दी है कि वे श्री अरविंद केजरीवाल को साथ बैठाकर पंजाब की जनता को बताएं कि चुनाव के दौरान किए गए वादों में से कितने पूरे किए गए हैं। पंजाब का किसान, युवा और महिलाएं आज जवाब मांग रहे हैं। केवल चुनाव के समय घोषणाएं करने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
हरियाणा में दो वर्षों में संकल्प पत्र के 76 वादे पूरे, बाकी संकल्पों पर तेजी से काम जारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है। सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में 76 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं, बाकी संकल्पों पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया है कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाने से पहले संकल्प पत्र के एक-एक वादे को पूरा किया जाएगा, यही मोदी सरकार की गारंटी है। यही भाजपा सरकार की कार्यशैली है कि जो जनता से वादा किया जाता है, उसे पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया जाता है।
हरियाणा देश का पहला राज्य, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं
मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने का वादा किया था, लेकिन आज किसानों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने संकल्प के अनुरूप किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का निर्णय लागू किया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। यदि किसान की आलू और सब्जियों की फसल कम दाम पर बिकती है तो भावांतर भरपाई योजना के माध्यम से उसकी भरपाई करने का काम भी प्रदेश सरकार करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब होने पर हरियाणा सरकार किसानों को मुआवजा उपलब्ध करवाती है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के किसानों को फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 16500 करोड़ रुपये उनके खातों में जमा करवाए गए हैं। इसके अलावा पशुओं की मृत्यु होने और मकान क्षतिग्रस्त होने पर भी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में तो भगवंत मान कहते थे कि अगर आपकी मुर्गी की मर जाएगी, तो उसका मुआवजा देंगे। मेरे पास इतना पैसा है कि मुझे दिल्ली की तरफ देखने की जरूरत नहीं। लेकिन जब आपदा आई तो क्या किया।
उन्होंने पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पठानकोट पहुंचे और पंजाब के किसानों को लगभग 1600 करोड़ रुपये की सहायता देने का काम किया। इसी प्रकार हिमाचल प्रदेश को भी प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के लिए 1500 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब के किसानों के लिए केंद्र से मिली सहायता राशि कहां खर्च की गई?
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में बाढ़ के दौरान प्रभावित पशुओं को बचाने के लिए उन्होंने तत्काल हरियाणा के मुख्य सचिव को निर्देश दिए थे कि पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की टीम दवाइयों सहित पंजाब भेजी जाए। इसके लिए तीन करोड़ रुपये की दवाइयां खरीदी गईं। हरियाणा के मुख्य सचिव लगातार एक सप्ताह तक पंजाब के मुख्य सचिव से डॉक्टरों की टीम भेजने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि आपदा के समय भी राजनीति करना उचित नहीं है। मानवता और सेवा की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। यह आम आदमी पार्टी नहीं, यह खास आदमी है।
हरियाणा में महिलाओं को 2,100 रुपये देने का वादा पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की महिलाओं को 1 हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब चुनाव नजदीक आने पर इस वादे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने महिलाओं को 2,100 रुपये देने का संकल्प लिया था। सरकार बनने के बाद इस दिशा में तेजी से काम किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट में महिलाओं के लिए 5 हजार करोड़ रुपये आरक्षित किए। सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को योजना के तहत 13 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और उनके खातों में लगभग 3 हजार करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों को 3200 रुपये मासिक पेंशन देने का वादा भी पूरा किया है। आज हर महीने की 10 तारीख को बुजुर्गों के खातों में पेंशन की राशि पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1 लाख 80 हजार रुपये तक की इनकम वाले परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने का वादा भी पूरा किया है। पात्र परिवारों की महिलाओं के खातों में शेष राशि जमा करवाने का काम किया जा रहा है, ताकि उनकी रसोई का बजट प्रभावित न हो।
हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची युवाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने पंजाब में भर्ती प्रक्रिया को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के युवा भर्ती में कथित अनियमितताओं और पक्षपात से परेशान हैं। उन्होंने एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती और मेडिकल क्षेत्र में हुई भर्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में भाई-भतीजावाद के आरोप सामने आए हैं। मेडिकल भर्तियों को लेकर हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया और सरकार को भर्ती प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं करने पर जवाब देना पड़ा।
उन्होंने पीसीएस भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब के युवा उनसे मिले हैं और उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में न्याय की मांग की है। युवाओं का आरोप है कि उनके साथ अन्याय हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं को न्याय मिलना चाहिए और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब कहां है, वो सीजेपी वालों को लेकर पंजाब में हुए हाल को देखे। पंजाब के युवाओं के साथ केजरीवाल ने भगवंत मान ने कैसा धोखा किया है। 2 महीने बाद पंजाब का युवा आपको जवाब देने का काम करेगा। झूठ बोलकर सत्ता हथियाने वालों को 2 महीने बाद पंजाब के युवा जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था स्थापित की गई है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में लगभग दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वर्तमान सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में लगभग 46 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है और हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची योग्यता के आधार पर नौकरी दी जा रही है। प्रदेश में 102 एचसीएस की नियुक्तियां हुई हैं। गरीब परिवारों के बच्चे भी अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर एसडीएम, डीएसपी, इंस्पेक्टर, तहसीलदार और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त हो रहे हैं। कोई भी युवा यह नहीं कह सकता कि उसे नौकरी पाने के लिए किसी को पांच पैसे भी देने पड़े। उन्होंने इस बीच पंजाब की एक बेटी का भी इसमें पारदर्शिता से चयन होने का उदाहरण दिया।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान द्वारा 60 हजार नौकरियां देने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं मीडिया के सामने यह बात कही है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब सरकार बताए कि ये नौकरियां किस प्रकार और किन प्रक्रियाओं के तहत दी गई हैं, भगवंत मान इस पर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में दो वर्षों में साढ़े 46 हजार नौकरियां दी गई हैं, साढ़े 16 हजार पाइप लाइन में है, उनकी प्रकिया जारी है। जबकि पंजाब सरकार पांच वर्षों में 60 हजार नौकरियां देने का दावा कर रही है। पंजाब के यूथ को मान साहब, जवाब दें।
पंजाब में नशे के कारोबार को समाप्त करना भाजपा की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशे की समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन से छह महीने में नशे को समाप्त करने का वादा किया था, लेकिन आज पंजाब का युवा नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के अनेक लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि नशे के खिलाफ शिकायत करने पर भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ लोगों का आरोप है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ शिकायत लेकर थाने जाने पर उलटे शिकायतकर्ताओं पर ही मामले दर्ज कर दिए जाते हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने पंजाब की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2029 तक पंजाब से नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करना भाजपा की गारंटी है। नशे का कारोबार करने वालों को या तो अपना यह अवैध धंधा छोड़ना होगा या पंजाब छोड़कर कहीं और जाना होगा।
हरियाणा में गरीब परिवारों को मकान, आयुष्मान और चिरायु से लाखों लोगों को मिला उपचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रदेश में गरीब परिवारों को लगभग 1 लाख 60 हजार मकान बनाकर उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत प्रदेश में लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक कार्ड बनाए गए हैं तथा लगभग 40 लाख लोगों ने इन योजनाओं के माध्यम से अपना उपचार करवाया है। इनके इलाज पर लगभग 6 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी गरीब व्यक्ति को इलाज से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने इस बीच आम आदमी पार्टी द्वारा खोले गए मोहल्ला क्लिनिक पर भी सवाल उठाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ने पंजाब को विकास की दौड़ में पीछे धकेलने का काम किया है। पंजाब के लोग मेहनती, बहादुर और स्वाभिमानी हैं। वे अपने प्रदेश की वास्तविक स्थिति को समझते हैं और आने वाले समय में अपने मताधिकार से उचित निर्णय लेंगे।
इस दौरान सरदार हरिंदर सिंह सबरवाल, हरियाणा के मार्केट कमेटी चेयरमैन देशराज, पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष बीबा जयनेंद्र कौर, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठाणमाजरा, समाना से विधायक सरदार चेतन सिंह जोड़ामाजरा, पटियाला देहाती के अध्यक्ष जसपाल सिंह, जिला अध्यक्ष विजय कुमार, हरदीप चौधरी, पंजाबी कलाकार हैप्पी ढालोवाल, सतबीर सिंह, गुरदीप कोहली, हरदीप कंबोज, गुरतेज ढिल्लों, मुकेश अग्रवाल, मंजू सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सुनीं शिकायतें, सात शिकायतों का मौके पर किया समाधान
अधिकारियों को समस्याओं का स्थायी समाधान करने के दिए निर्देश, शिकायतों के निपटारे में लापरवाही न बरतें अधिकारी
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 14 नवंबर- प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शनिवार को हांसी के राजकीय महाविद्यालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना, जिनमें से विभिन्न विभागों से संबंधित 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और गंभीरता दिखाएं तथा प्रत्येक शिकायत की तह तक पहुंचकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
बैठक में विधायक विनोद भयाना ने भी विभिन्न शिकायतों और क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा।
शिक्षा मंत्री ने बैठक में प्रस्तुत अन्य शिकायतों को भी ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। अधिकारी शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई करने के बजाय मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालें। जिस शिकायत में विभागीय समन्वय की आवश्यकता हो, उसमें संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम विकास यादव, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज,डीएसपी दिनेश सांगवान,डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीआरओ राजकुमार और सिविल सर्जन डॉ राहुल बुद्धिराजा अधिकारी तथा परिवादी उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पिपली अनाज मंडी का किया दौरा, धान खरीद कार्यों की ली जानकारी
चंडीगढ़, 14 नवंबर- प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को कुरुक्षेत्र की पिपली अनाज मंडी का दौरा किया और धान की खरीद कार्यों की जानकारी ली। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंडी में धान की खरीद कार्यों खरीद व उठान में अव्वल रहने पर पिपली मार्केट कमेटी के सचिव गुरमीत सैनी व पिपली अनाज मंडी के आढ़तियों और मंडी एसोसिएशन को बधाई दी। कृषि मंत्री ने मार्केट कमेटी के सचिव गुरमीत सनी से धान की खरीद कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कृषि मंत्री को बताया कि किसानों को धान की खरीद का भुगतान भी सरकार की हिदायतों के अनुसार 72 घंटे के अंदर किया गया। पिपली मंडी ने खरीद व धान उठान में पहला स्थान प्राप्त किया है।
इस दौरान कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को आढ़तियों ने मंडी में सरसों व सूरजमुखी की खरीद करने के लिए मांग रखी। जिस पर कृषि मंत्री ने आढ़तियों को आश्वासन दिया कि पिपली मंडी में सरसों व सूरजमुखी की खरीद का कार्य भी शुरू किया जाएगा। इस दौरान आढती व किसानों ने कृषि मंत्री के समक्ष किसान रेस्ट हाउस बनाने की मांग रखी। जिस पर कृषि मंत्री ने सहमति जताते हुए उनकी इस मांग पर भी विचार करते हुए इसे अवश्य पूरा किया जाएगा। इसके अलावा कृषि मंत्री ने आढ़तियों व किसानों की अन्य मांगों पर भी विचार किया और उन्हें जल्द पूरे करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पिपली मार्केट कमेटी के चेयरमैन सतीश कुमार, जिला अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के जिला महासचिव धर्मपाल मथाना, मार्केट कमेटी पिपली के वाइस चेयरमैन अमीरचंद सहित अन्य आढ़ती मौजूद रहे।
भारत विकास परिषद मानव सेवा और राष्ट्रीयता की भावना का जीवंत उदाहरण : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
पठानकोट में परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय एवं आरोग्य केंद्र का उद्घाटन किया, संस्था को 21 लाख रुपये देने की घोषणा
बोले- सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना समाज को जोड़ती है और राष्ट्र को मजबूत बनाती है
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 14 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत विकास परिषद मानव सेवा और राष्ट्रीयता की भावना का जीवंत उदाहरण है। परिषद सेवा को दान या उपकार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संस्कारों में निहित कर्तव्य मानकर समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता कर रही है। उन्होंने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री शनिवार को पठानकोट के छतवाल में भारत विकास परिषद उत्तर क्षेत्र–1 के क्षेत्रीय कार्यालय एवं आरोग्य केंद्र के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने परिषद के दोनों प्रकल्पों के उद्घाटन पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस अवसर पर भारत विकास परिषद, उत्तर क्षेत्र के संरक्षक एस.एस. गिल, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री सुशील शर्मा, टीबीआर एग्रोटेक लिमिटेड के चेयरमैन ईश्वर कुमार गुप्ता, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वे ऐतिहासिक नगरी पठानकोट को नमन करने आए हैं। इस पावन धरती पर गुरुओं के ‘सरबत दा भला’ के संदेश को अपनाकर मानव सेवा में लगी भारत विकास परिषद के दो प्रकल्पों का उद्घाटन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। पठानकोट का इतिहास गौरवशाली है। यहां की धार्मिक आस्था और वीरता की परंपरा सभी को प्रेरणा देती है। शाहपुर कंडी और नूरपुर के किले यहां के समृद्ध इतिहास और राजपूत शासकों की वीरगाथा के साक्षी हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1963 में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित होकर भारत विकास परिषद की स्थापना हुई थी। स्वामी विवेकानंद ने ऐसे भारत का सपना देखा था, जो आत्मविश्वास से भरा हो, अपनी संस्कृति पर गर्व करता हो और मानवता की सेवा को अपना धर्म मानता हो। परिषद ने इसी प्रेरणा को अपने कार्य का आधार बनाया है। समर्थ, शिक्षित, प्रबुद्ध और संपन्न नागरिकों को संगठित कर उन्हें समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा में लगाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा कहा गया है। गरीब, दिव्यांग, अशिक्षित और वंचित भाई-बहनों की सहायता करना उन पर कोई कृपा नहीं, बल्कि हमारा कर्तव्य है। सेवा का यही भाव मनुष्य को मनुष्य से जोड़ता है, समाज में संवेदना जगाता है और राष्ट्र की एकता को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का व्यापक विजन ‘स्वस्थ, समर्थ और संस्कारित भारत’ है। आरोग्य केंद्र के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। परिषद बच्चों और युवाओं में भारतीय संस्कृति, ज्ञान और देशभक्ति की भावना जगाने के लिए राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता और ‘भारत को जानो’ जैसे कार्यक्रम आयोजित करती है। उन्हें विश्वास है कि परिषद का क्षेत्रीय कार्यालय उत्तर भारत में संपर्क, सहयोग और सेवा का सशक्त केंद्र बनेगा तथा आरोग्य केंद्र अनेक परिवारों को राहत देगा।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा में किए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले 12 वर्षों में करीब दो लाख युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी मिली है। भर्ती का आधार केवल योग्यता और मेरिट है। आज किसी युवा को नौकरी के लिए विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने पुनहाना रैली का उदाहरण देते हुए बताया कि एक भर्ती का परिणाम रात को घोषित हुआ, इसमें पुनहाना के 29 युवाओं का चयन हुआ था। वहां अगले दिन रैली में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं मिला जो कहे कि नौकरी के लिए उनके किसी जानकार, या उन्होंने किसी नेता की परिक्रमा की हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। चयन प्रक्रिया में उम्मीदवार की पहचान को गोपनीय रखा जाता है और किसी प्रकार की राजनीतिक सिफारिश या दबाव की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाती। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और वापस लाने की व्यवस्था भी की है, ताकि आर्थिक स्थिति किसी की राह में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। गन्ना किसानों के लिए अगले दो सीजन का भाव पहले ही घोषित किया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए 430 रुपये और वर्ष 2027-28 के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य तय किया गया है। इससे किसानों की प्रति एकड़ आय में करीब 10 से 11 हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हरियाणा में सरकार बनते ही संकल्प पत्र में लिखे वायदे को निभाते हुए प्रदेश में डायलिसिस की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। आयुष्मान भारत और चिरायु योजनाओं के माध्यम से भी जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मिशन बुनियाद के तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को 104 सरकारी स्कूलों में शुरू किया गया है और इसे आगे बढ़ाकर 125 स्कूलों तक ले जाने का लक्ष्य है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना के जरिए लाखों महिलाओं को 13 किस्तों के माध्यम से लगभग 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब कभी देश का नंबर वन राज्य हुआ करता था, लेकिन आज नशे, अपराध, भ्रष्टाचार और सरकार की नाकामियों के कारण लगातार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सोचने का विषय है कि जिस पंजाब ने देश को हर क्षेत्र में नेतृत्व दिया, वहां आज युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य को लेकर चुनौतियां खड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने पंजाब में आबकारी निरीक्षक भर्ती का उदाहरण देते हुए कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने भर्ती में अभ्यर्थियों के नाम का जिक्र करते हुए उनके चयन होने पर सवाल उठाये। एक अभ्यर्थी के दो रोल नंबर होने, दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर एक ही समय परीक्षा देने और दोनों जगह चयन होने जैसी बातों का भी उन्होंने उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने इन मामलों को गंभीर बताते हुए भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने हरियाणा की भर्ती व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे प्रदेश की स्थिति पर गंभीरता से विचार करें और पंजाब को फिर से खुशहाल एवं प्रगतिशील बनाने के लिए मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।












Total Users : 454132
Total views : 718898