बाबूगिरी न्यूज़
भिवानी, 04 नवंबर 2026: वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारतवर्ष की आत्मा और अस्मिता का प्रतीक है, जिसने आजादी के आंदोलन में जन-जन को प्रेरित किया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चतुर्थ चरण कार्यक्रम का अत्यंत गरिमामय एवं देशभक्ति पूर्ण आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, एकता और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को समर्पित रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ द्वारा की गई। इस अवसर पर शिक्षा बोर्ड परिसर में स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल के अध्यापक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत ने स्वतंत्रता संग्राम, मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की भावना को जीवंत कर दिया और शिक्षा बोर्ड परिसर देशभक्ति के जोश और उत्साह से गूंज उठा।बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने अपने संबोधन में कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह अमर मंत्र आज भी हर भारतीय के हृदय में राष्ट्र के प्रति सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा भरता है। बोर्ड अध्यक्ष ने बोर्ड परिसर में ‘वंदे मातरम् वाटिका’ की स्थापना की और स्वयं पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि 150 पौधे लगाना 150 वर्षों के गौरव को नमन है और यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी का प्रतीक है।कार्यक्रम के समापन पर सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल के अध्यापकों व विद्यार्थियों ने एक स्वर में पूरे जोश, उत्साह और गर्व के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।













Total Users : 454235
Total views : 719054