November 15, 2026 2:31 am

November 15, 2026 2:31 am

पंचकूला में दीपावली पर सुरक्षा का अभेद्य पहरा, 773 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा; 34 नाकों पर होगी सघन जांच

20 ईआरवी, 29 राइडर, 12 पीसीआर और स्वैट कमांडो की तीन टीमें रहेंगी तैनात, बाजारों से लेकर होटल और धार्मिक स्थलों तक बढ़ाई गई पुलिस गश्त

ग्रीन पटाखे चलाने के लिए दो दिन निर्धारित, सुबह 6 से 7 और रात 8 से 10 बजे तक ही होगी आतिशबाजी; नियम तोड़ने वालों पर दर्ज होगा मामला

बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 6 नवंबर। दीपावली के त्योहार पर शहर और जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पंचकूला पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़, सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती गतिविधियों और आतिशबाजी को देखते हुए पूरे जिले में पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 773 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिले में 34 स्थानों पर पुलिस नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जाएगी।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 20 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी), 29 पुलिस राइडर, 12 पीसीआर और तीन स्वैट कमांडो टीमें भी शामिल रहेंगी। पुलिस की विशेष टीमें लगातार गश्त कर संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखेंगी।


दो दिन और निर्धारित समय पर ही चला सकेंगे ग्रीन पटाखे
दीपावली पर आतिशबाजी को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट नियम लागू किए हैं। डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेशों में पटाखों के इस्तेमाल के लिए समय और अन्य शर्तें निर्धारित की हैं।
आदेशों के अनुसार, 7 और 8 नवंबर 2026 को केवल ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति होगी। इसके लिए सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इन समयावधियों के अलावा पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने लड़ी यानी सीरीज वाले पटाखों तथा बेरियम साल्ट युक्त पटाखों के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। अस्थायी लाइसेंस धारक केवल जिला उपायुक्त की ओर से निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। स्थायी लाइसेंस भी पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की अनुमति के बिना जारी नहीं किया जाएगा।

अस्पतालों और धार्मिक स्थलों के 300 मीटर दायरे में आतिशबाजी प्रतिबंधित
डीसीपी अदिति सिंह के आदेशों के अनुसार अस्पतालों, स्कूलों, अदालतों, धार्मिक स्थलों और अन्य घोषित शांत क्षेत्र (साइलेंस जोन) के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज करने वाले पटाखों का निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा। 125 डेसीबल (एआई) अथवा 145 डेसीबल (सी) पीक से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों पर रोक लगाई गई है।
पटाखा निर्माताओं को उत्पादों के रासायनिक घटकों की जानकारी डिब्बों पर स्पष्ट रूप से अंकित करनी होगी। साथ ही विस्फोटक विभाग की ओर से निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाजारों, होटलों और धर्मशालाओं में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
त्योहार के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की अधिक आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने विशेष निगरानी व्यवस्था बनाई है। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट और धर्मशालाओं में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी।
थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरती जाएगी।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गंभीरता से जांच की जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

लावारिस वस्तु को हाथ न लगाएं, तुरंत 112 पर दें सूचना
पंचकूला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली का त्योहार उत्साह के साथ मनाने के दौरान सुरक्षा नियमों का भी पूरा ध्यान रखें। किसी भी सार्वजनिक स्थान पर लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर खुद जांच करने या वस्तु को छूने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत पुलिस आपातकालीन नंबर 112 या नजदीकी थाना अथवा चौकी में दें।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से आतिशबाजी को लेकर जारी आदेशों का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को सहयोग देने की अपील की।
पुलिस का कहना है कि दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस की टीमें पूरे जिले में लगातार सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखेंगी, ताकि लोग बिना किसी भय के त्योहार की खुशियां मना सकें।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 2 3
Total Users : 454223
Total views : 719039

शहर चुनें