November 15, 2026 1:31 am

November 15, 2026 1:31 am

पटाखे जलाते समय जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी, पीजीआई ने जारी की सुरक्षित दीपावली मनाने की जारी की एडवाइजरी

बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सांस के मरीजों को पटाखों के धुएं से बचाने की अपील; जलने पर तुरंत पानी डालें और आंखों में चोट लगने पर बिना देरी अस्पताल पहुंचें

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 7 नवंबर। दीपावली खुशियों, रोशनी और उत्साह का त्योहार है, लेकिन पटाखों के इस्तेमाल में जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हर साल दीपावली के दौरान अस्पतालों में पटाखों से जलने, आंखों में चोट लगने और सांस संबंधी परेशानियों के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के सामुदायिक चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य विद्यालय के पर्यावरण स्वास्थ्य विभाग ने पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर विस्तृत परामर्श जारी किया है।
विभाग के प्रोफेसर डॉ. रविंद्र खैवाल ने लोगों से अपील की है कि दीपावली का उत्सव स्वास्थ्य और पर्यावरण की कीमत पर नहीं मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी से होने वाली अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही, असावधानी और जानकारी के अभाव में होती हैं। थोड़ी सी सतर्कता बरतकर इन हादसों से बचा जा सकता है।

लाइसेंसधारी दुकानों से ही खरीदें पटाखे
पीजीआई की सलाह के अनुसार पटाखे हमेशा लाइसेंसधारी और विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदने चाहिए। सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों से पटाखे खरीदने से बचें। पटाखों को आग के स्रोत से दूर बंद डिब्बे में रखें और उनके पैकेट पर लिखे सुरक्षा निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
पटाखे जलाने के लिए खुले स्थान का चयन करें। भीड़भाड़ वाले इलाकों, घरों, गैरेज, सूखी घास और ज्वलनशील वस्तुओं के आसपास आतिशबाजी न करें। पटाखे जलाते समय शरीर से उचित दूरी बनाए रखें और उन्हें हाथ में पकड़कर जलाने की गलती न करें। इसके लिए लंबी मोमबत्ती या फुलझड़ी का इस्तेमाल किया जा सकता है। पटाखे जलाने के स्थान पर पानी से भरी दो बाल्टियां जरूर रखें।

बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें
पीजीआई ने अभिभावकों को विशेष रूप से चेताया है कि छोटे बच्चों को अकेले पटाखे जलाने की अनुमति न दें। आतिशबाजी के दौरान किसी बड़े व्यक्ति का उनके साथ रहना जरूरी है। पटाखे जलाते समय सूती और शरीर के अनुकूल कपड़े पहनें। ढीले सिंथेटिक कपड़ों से बचें, क्योंकि उनकी खुली झालर आग पकड़ सकती है। पैरों में जूते या चप्पल पहनकर ही पटाखे जलाएं।
इस्तेमाल के बाद जली हुई फुलझड़ियों और पटाखों को पानी की बाल्टी में डाल दें। जमीन पर जली हुई सामग्री न छोड़ें। यदि कोई पटाखा नहीं फूटता है तो उसके पास जाकर जांचने या दोबारा जलाने की कोशिश न करें। उसकी जगह सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

जलने पर तुरंत ठंडा पानी डालें, आंखों की चोट को न करें नजरअंदाज
पीजीआई के विशेषज्ञों ने जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से पर तुरंत नल का ठंडा पानी डालने और जलन कम होने तक इसे जारी रखने की सलाह दी है। इसके बाद चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। जलने की चोट को मामूली समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
यदि पटाखे से आंख में चोट लगती है तो आंख को साफ पानी से धोकर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मे का इस्तेमाल भी उपयोगी हो सकता है। आंख में गंभीर चोट होने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है।

रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे जलाने की सलाह
पीजीआई की परामर्श में लोगों से पटाखों का इस्तेमाल सीमित रखने और रात 8 से 10 बजे के निर्धारित समय के भीतर ही आतिशबाजी करने की अपील की गई है। विशेषज्ञों ने पर्यावरण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस अवधि को भी घटाकर केवल एक घंटे तक सीमित करने का सुझाव दिया है।
पटाखों की पैकिंग और उपहार में इस्तेमाल होने वाले अतिरिक्त कागज तथा सजावटी सामग्री से भी बचने की सलाह दी गई है। लोगों को ऐसी दीपावली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, जिसमें वायु और ध्वनि प्रदूषण न्यूनतम हो।

बच्चों और सांस के मरीजों के लिए ज्यादा खतरा
पीजीआई के विशेषज्ञों के अनुसार पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण पीएम 2.5 और पीएम 10 तथा सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं।
बच्चों के लिए सावधानी: छोटे बच्चों, शिशुओं और नवजातों के फेफड़ों के विकास पर प्रदूषण का प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे दमा की समस्या बढ़ने और मस्तिष्क के विकास पर असर पड़ने का खतरा रहता है। ऐसे बच्चों को आतिशबाजी के दौरान बाहर जाने से बचाना चाहिए। धुआं छोड़ने वाले पटाखों से कम से कम 3 से 5 मीटर की दूरी बनाए रखने, अच्छी तरह फिट होने वाले एन-95 मास्क के इस्तेमाल और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

सांस के मरीजों को घर में रहने की सलाह: दमा, सीओपीडी और फेफड़ों की अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को पटाखों के धुएं से विशेष खतरा रहता है। इससे सांस की नलियों में सूजन और सांस लेने में परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे मरीज आतिशबाजी के दौरान घर के अंदर रहें, खिड़कियां बंद रखें और अपनी जरूरी दवाएं पास रखें। घर के अंदर नमी का स्तर 40 से 60 प्रतिशत के बीच बनाए रखने की सलाह दी गई है।
गर्भवती महिलाएं रहें सतर्क: पटाखों के धुएं और शोर से गर्भवती महिलाओं को दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रदूषण में मौजूद भारी धातुओं के संपर्क से गर्भस्थ शिशु के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव, समय से पहले प्रसव और अन्य जटिलताओं का खतरा हो सकता है। बाहर जाना जरूरी हो तो एन-95 मास्क का इस्तेमाल करें और घर के वातावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास करें।
श्रवण संबंधी समस्या वाले लोगों को भी खतरा: तेज आवाज वाले पटाखों से सुनने की क्षमता को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार 100 डेसीबल से अधिक ध्वनि का स्तर कानों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। ऐसे लोगों को कानों की सुरक्षा के लिए ईयर प्लग या ईयर मफ का इस्तेमाल करने और तेज आवाज वाले पटाखों से 25 मीटर से अधिक दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
ग्रीन पटाखों से भी पूरी तरह खत्म नहीं होता प्रदूषण
पीजीआई के अनुसार ग्रीन पटाखे पारंपरिक पटाखों के मुकाबले कम प्रदूषण फैलाने वाले विकल्प हैं। इन्हें वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के अंतर्गत राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) ने विकसित किया है।
इनसे पारंपरिक पटाखों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत कम कणीय प्रदूषण होने का दावा किया गया है। इनकी ध्वनि को भी निर्धारित सीमा के भीतर रखने का प्रयास किया जाता है। हालांकि विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि ग्रीन पटाखे पूरी तरह प्रदूषण मुक्त नहीं होते, बल्कि पारंपरिक पटाखों की तुलना में अपेक्षाकृत कम हानिकारक होते हैं।
क्यूआर कोड से करें असली ग्रीन पटाखों की पहचान
विशेषज्ञों ने बताया कि असली ग्रीन पटाखों के पैकेट पर सीएसआईआर-नीरी का आधिकारिक चिह्न और विशिष्ट क्यूआर कोड होता है। उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध सीएसआईआर नीरी ग्रीन क्यूआर कोड ऐप के माध्यम से इनकी प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। पैकेट पर कम धुआं और कम शोर उत्सर्जन से संबंधित जानकारी भी दी जाती है।
ग्रीन पटाखों की तीन प्रमुख श्रेणियां बताई गई हैं।
* स्वास (एसडब्ल्यूएएस): इसमें पानी की वाष्प छोड़ने की तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे धूल और सूक्ष्म कणों को कम करने में मदद मिलती है। इससे कणीय प्रदूषण में लगभग 30 से 35 प्रतिशत तक कमी का दावा है।

स्टार (एसटीएआर): इसमें संशोधित रासायनिक संरचना का इस्तेमाल होता है, जिससे सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी गैसों का उत्सर्जन कम करने में मदद मिलती है।
सफल (एसएएफएएल): इसमें एल्युमिनियम का कम इस्तेमाल कर मैग्नीशियम के विकल्प के माध्यम से रोशनी बनाए रखने और धातु व कणीय प्रदूषण घटाने का प्रयास किया जाता है।

आपात स्थिति के लिए प्राथमिक उपचार किट रखें तैयार
पीजीआई ने दीपावली के दौरान घरों और सार्वजनिक स्थानों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने की सलाह दी है। इसमें जलने पर पट्टी करने का सामान और आंखों को धोने के लिए 500 मिलीलीटर का आई-वॉश घोल रखा जा सकता है। इसके साथ ही आपातकालीन सहायता नंबर 112 को ऐसी जगह प्रदर्शित करने की सलाह दी गई है, जहां जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
डॉ. रविंद्र खैवाल ने लोगों से अपील की है कि दीपावली को खुशियों और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। पटाखों की बजाय रोशनी, परिवार और आपसी खुशियों को त्योहार का केंद्र बनाएं, ताकि उत्सव के बाद अस्पतालों में घायलों और सांस के मरीजों की संख्या न बढ़े।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 1 6
Total Users : 454216
Total views : 719031

शहर चुनें