November 15, 2026 1:15 am

November 15, 2026 1:15 am

चंडीगढ़ में कच्चे कर्मचारियों ने मनाई काली दिवाली, काली पट्टियां बांधकर प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन

2 प्रतिशत बढ़े डीसी रेट का लाभ, लंबित वेतन, एरियर और बोनस नहीं मिलने से कर्मचारियों में रोष; कोऑर्डिनेशन कमेटी ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 7 नवम्बर। सरकारी निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को संशोधित डीसी रेट का लाभ, लंबित वेतन, एरियर और बोनस नहीं मिलने के विरोध में कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स, यूटी चंडीगढ़ ने इस बार काली दिवाली मनाकर प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। सेक्टर-32 में आयोजित रोष प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने काली पट्टियां बांधीं, काले चोगे पहने और हाथों में काले झंडे उठाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना था कि जब सरकार और प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को वित्तीय लाभ देने के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं तो इसके बावजूद उनका लाभ नहीं मिलना गंभीर मामला है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर निर्देशों को लागू करने में बरती जा रही ढिलाई के कारण विभिन्न विभागों के कर्मचारी आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
कोऑर्डिनेशन कमेटी के नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से 2 प्रतिशत संशोधित डीसी रेट का लाभ देने, 1 अप्रैल 2026 से बकाया एरियर जारी करने के साथ-साथ लंबित वेतन और बोनस का भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई विभागों में कर्मचारियों को अभी तक उनका वेतन नहीं मिला है। वहीं, 2 प्रतिशत बढ़े हुए डीसी रेट का लाभ, एरियर और बोनस भी लंबित हैं।
नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ काम लेने वाला प्रशासन जब उनके जायज वित्तीय लाभ देने की बात आती है तो गंभीरता नहीं दिखाता। सरकारी निर्देश जारी होने के बावजूद उनका पालन नहीं होना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कर्मचारियों को उनके हक के भुगतान के लिए बार-बार आवाज उठानी पड़ रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के वित्तीय हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सरकार की ओर से जारी निर्देशों को बिना देरी के लागू करवाए और सभी विभागों में लंबित भुगतान सुनिश्चित करे।

तुरंत भुगतान की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कोऑर्डिनेशन कमेटी ने मांग की कि सभी विभागों में लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए। इसके साथ ही 2 प्रतिशत संशोधित डीसी रेट का लाभ और 1 अप्रैल 2026 से बकाया एरियर का भुगतान किया जाए। कर्मचारियों को देय बोनस भी बिना किसी देरी के जारी किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान कमेटी के प्रधान सतिंदर सिंह, महासचिव राकेश कुमार, कन्वीनर रघुवीर चंद, चेयरमैन सुरेश कुमार, सीनियर वाइस प्रधान राजिंदर कुमार शर्मा, सीनियर वाइस प्रधान बलविंदर सिंह पबला, निर्मल सिंह, रजिंदर सिंह, कैशियर किशोरी लाल, एमसी रोड से राजिंद्रन, टॉपलेन, राम दुलारे, रिटायर मंच से गुरुदेव सिंह, वाटर सप्लाई सेक्रेटरी दीपक धीमान, अमित शर्मा, प्रेम पाल, संजय कांगड़ा, सुखी, नरेश कुमार और राहुल वैद सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने कर्मचारियों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक तथा तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 1 4
Total Users : 454214
Total views : 719029

शहर चुनें