हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के आधार पर लिया गया निर्णय, तत्काल प्रभाव से बदला पदनाम
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 16 नवंबर। चंडीगढ़ प्रशासन ने पुलिस विभाग में कार्यरत डीएसपी राम गोपाल को पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर ओन रैंक प्रमोशन (स्वयं के पदक्रम में पदोन्नति) प्रदान की है। प्रशासन के गृह विभाग की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। हालांकि, यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट में लंबित पुनर्विचार याचिका के अंतिम परिणाम पर निर्भर करेगा।
चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को आयोजित समिति की बैठक में की गई सिफारिश के बाद डीएसपी राम गोपाल (नंबर 320/सीएचजी) को एसपी (एग्जीक्यूटिव कैडर) के पद पर ओन रैंक प्रमोशन देने का फैसला किया गया। प्रशासन ने यह निर्णय 31 जुलाई 2015 की ओन रैंक प्रमोशन नीति के प्रावधानों के तहत लिया है।
इस पदोन्नति के पीछे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से 10 फरवरी 2025 को दिए गए फैसले और सुप्रीम कोर्ट के 13 अक्टूबर 2025 के आदेश को आधार बनाया गया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन के विधि विभाग से प्राप्त कानूनी सलाह पर भी विचार किया गया। समिति की सिफारिश के बाद सक्षम प्राधिकारी के रूप में यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक ने पदोन्नति को मंजूरी प्रदान की।

पदनाम बदलेगा, वेतनमान वही रहेगा
प्रशासन ने अपने आदेश में ओन रैंक प्रमोशन की शर्तों को भी स्पष्ट किया है। इसके तहत राम गोपाल का पदनाम डीएसपी से बदलकर एसपी (एग्जीक्यूटिव कैडर) हो जाएगा, लेकिन इस बदलाव के साथ उन्हें कोई अतिरिक्त वित्तीय लाभ नहीं दिया जाएगा। वह डीएसपी पद के लिए निर्धारित वेतन ही प्राप्त करते रहेंगे। यानी यह पदोन्नति पदनाम और रैंक तक सीमित रहेगी, इससे उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा आदेश
इस मामले में प्रशासन ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि राम गोपाल को दी गई ओन रैंक प्रमोशन सुप्रीम कोर्ट में दायर पुनर्विचार याचिका के परिणाम के अधीन रहेगी। इसका अर्थ है कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित याचिका पर आने वाले अंतिम फैसले के अनुसार इस पदोन्नति की स्थिति प्रभावित हो सकती है।













Total Users : 455845
Total views : 721290