बिजली व्यवस्था सुधारना सरकार की प्राथमिकता, निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे: विज
कानून व्यवस्था पर सरकार सख्त, करीब 5 हजार असामाजिक तत्व भेजे गए जेल
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 18 जनवरी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि आने वाला राज्य बजट पूरी तरह से मजबूत और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और सभी हितधारकों से सुझाव लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं सभी विभागों के साथ बैठकें कर रहे हैं, जिससे एक सशक्त और जनहितैषी बजट पेश किया जा सके।
विज शनिवार को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसे लेकर कोई समझौता नहीं किया जा रहा।
कांग्रेस के कर्ज वाले बयान पर तंज
कांग्रेस द्वारा राज्य पर कर्ज बढ़ने को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “क्या कांग्रेस ने राजनीति छोड़कर ज्योतिषी की दुकान खोल ली है?”
उन्होंने कहा कि बजट अभी बन रहा है, ऐसे में कांग्रेस के इस तरह के बयान केवल भ्रम फैलाने की कोशिश हैं।
कानून व्यवस्था पर सरकार सख्त
कानून व्यवस्था से जुड़े सवाल पर विज ने कहा कि सरकार पूरी सख्ती के साथ काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि करीब 5 हजार असामाजिक तत्वों को जेल भेजा गया है, जिससे साफ है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी का पूरी मजबूती से निर्वहन कर रही है।
बिजली प्रणाली सुधारना प्राथमिकता
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से हुई मुलाकात पर अनिल विज ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा कि बिजली प्रणाली में सुधार सरकार की प्राथमिकता है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापरक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
ट्रांसफार्मर और कंडक्टरों का बड़े पैमाने पर अपग्रेडेशन
श्री विज ने बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पहले ही बिजली आपूर्ति की तैयारियां कर ली गई हैं। फिलहाल मांग और आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली के ट्रांसफार्मर और कंडक्टरों का जरूरत के अनुसार अपग्रेडेशन किया जा रहा है, जिसमें गुरुग्राम और फरीदाबाद में बड़े स्तर पर कार्य चल रहा है।
हिसार खेदड़ यूनिट को मिला कोल लिंकेज
हरियाणा को नए कोल लिंकेज आवंटन पर मंत्री ने बताया कि हिसार के खेदड़ थर्मल पावर प्रोजेक्ट की नई 800 मेगावाट यूनिट के लिए केंद्र सरकार ने कोल लिंकेज आवंटित किया है।
उन्होंने कहा कि पानीपत और खेदड़ में 800-800 मेगावाट की यूनिट प्रस्तावित हैं, जिससे राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यमुनानगर में 800 मेगावाट यूनिट का शिलान्यास किया जा चुका है और उसका कार्य प्रगति पर है।
भाजपा में ही आंतरिक लोकतंत्र: विज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि “देश की सभी राजनीतिक पार्टियों में केवल भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहां विधिवत लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव होते हैं।”
उन्होंने अन्य दलों को “खानदानी पार्टियां” बताते हुए कहा कि जिन पार्टियों में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, वे देश के लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकतीं।
आने वाले सभी चुनाव भाजपा जीतेगी
नगर निकाय चुनावों को लेकर अनिल विज ने दावा किया कि “अब जो भी चुनाव आएंगे, उनमें केवल भाजपा ही जीतेगी।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की दिशा बदल दी है और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया है। जनता अब काम करने वाली पार्टी भाजपा के साथ है और भविष्य में भी उसी को समर्थन देगी।











Total Users : 291462
Total views : 493818