June 21, 2026 7:42 pm

June 21, 2026 7:42 pm

MOHALI: ढकोली में ओवरटेक विवाद ने लिया खौफनाक रूप; ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत, एक गंभीर

विमल चोपड़ा

जीरकपुर/ढकोली | 2 फरवरी। ढकोली के किशनपुरा इलाके में बीती देर रात सड़क पर ओवरटेक को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खौफनाक वारदात में बदल गया। होटल स्वेन-2 के नजदीक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 24 वर्षीय युवक प्रिंस की मौत हो गई, जबकि 42 वर्षीय भरत भूषण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात सड़क पर गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान ढकोली की राधे होम्स सोसाइटी निवासी कुलदीप सिंह ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया, जिसके बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
गोली लगने से प्रिंस की हालत गंभीर हो गई थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं भरत भूषण को कई गोलियां लगने की सूचना है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर और ढकोली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में कितने हथियारों का इस्तेमाल हुआ और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या नहीं।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर ट्राइसिटी क्षेत्र में बढ़ती रोड रेज और अपराध की घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात सार्वजनिक स्थान पर हुई इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहाली के एसएसपी द्वारा रात 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दिए जाने की बात कही गई है।

पुलिस का बयान
“प्रथम दृष्टया मामला सड़क पर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”
— पुलिस अधिकारी, जीरकपुर

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 1 9 3
Total Users : 349193
Total views : 576518

शहर चुनें