September 22, 2026 11:55 pm

September 22, 2026 11:55 pm

HARYANA: लंबे समय से लंबित प्रमुख रेल सेवाओं की बहाली का मुद्दा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने राज्यसभा में उठाया

नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने सोमवार को सदन में विशेष उल्लेख के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क और आम यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के शीघ्र पुनः संचालन का मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाया।
अपने वक्तव्य में सांसद शर्मा ने कालका–बाड़मेर एक्सप्रेस का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि यह ट्रेन कालका, चंडीगढ़ और हिमाचल क्षेत्र को राजस्थान के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली एक अत्यंत महत्वपूर्ण रेल सेवा रही है। यह मार्ग वर्षों तक लाखों यात्रियों के लिए आवागमन का भरोसेमंद, सुलभ और किफायती साधन रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की रेल सेवाएं वरिष्ठ नागरिकों, इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा वर्ग और छोटे व्यापारियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रही हैं। इन ट्रेनों के पुनः संचालन से स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों तक लोगों की पहुंच और अधिक आसान होगी।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने इसके साथ ही हिमालयन क्वीन, पश्चिम एक्सप्रेस तथा कालका से अमृतसर के बीच चलने वाली अमृतसर मेल जैसी अन्य प्रमुख रेल सेवाओं की उपयोगिता की ओर भी सदन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि ये ट्रेनें लंबे समय तक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का सशक्त माध्यम रही हैं और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यात्रियों की सुविधा और बेहतर संपर्क को प्राथमिकता देने की दिशा में रेल मंत्रालय के सतत प्रयासों के तहत इन रेल सेवाओं के पुनः संचालन पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों को दोबारा शुरू करने का आग्रह किया।
यह विशेष उल्लेख सांसद कार्तिकेय शर्मा की नागरिक-केंद्रित अवसंरचना विकास और यात्रियों के दैनिक जीवन से जुड़े मुद्दों के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 3 5 8
Total Users : 418358
Total views : 670018

शहर चुनें