April 10, 2026 4:21 pm

April 10, 2026 4:21 pm

GRP हरियाणा की चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर नशे के विरूद्ध सर्जिकल स्ट्राइक

15 किलो 084 ग्राम चरस सहित हिमाचल प्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी

चंडीगढ़, 12 फरवरी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), हरियाणा ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए 15 किलो 084 ग्राम चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।

डीजीपी ने सराहा ऑपरेशन, दोहराई जीरो टॉलरेंस नीति
इस संबंध में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने जीआरपी चंडीगढ़ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर दृढ़तापूर्वक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे मार्गों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में युवाओं को नशे से बचाने एवं समाज को सुरक्षित रखने हेतु व्यापक स्तर पर निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

विशेष चेकिंग अभियान में संदिग्धों पर नजर, ट्रॉली बैग से बरामद हुई चरस
एसपी जीआरपी  नितिका गहलोत ने बताया कि रेलवे स्टेशन चंडीगढ़ पर सुरक्षा एवं सतर्कता के दृष्टिगत चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान थाना प्रबंधक निरीक्षक उर्मिला देवी के नेतृत्व में गठित टीम—जिसमें उप-निरीक्षक सत्यबीर सिंह, हेड कांस्टेबल मंजीत सिंह तथा अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे—ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपियों के ट्रॉली बैग से 31 पैकेट चरस बरामद हुए, जिनका कुल वजन 15 किलो 084 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र तारा चंद, निवासी गांव चौगाँ, तहसील कुल्लू, थाना भुंतर, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश), उम्र लगभग 24 वर्ष तथा रमजान पुत्र मोहम्मद अली, निवासी गांव राहदर, तहसील भुंतर, थाना भुंतर, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश), उम्र लगभग 24 वर्ष के रूप में हुई।

कमर्शियल क्वांटिटी में दर्ज हुआ मामला, आरोपियों को लिया गया पुलिस रिमांड पर
बरामद मादक पदार्थ की मात्रा ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ की श्रेणी में आने के कारण दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना जीआरपी चंडीगढ़ में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस
उन्होंने बताया कि जीआरपी चंडीगढ़ अब आरोपियों के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है, ताकि मुख्य सप्लायर एवं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों तक पहुंच बनाई जा सके। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

नशे के कारोबारियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। रेलवे परिसरों में विशेष तलाशी अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 4 5 9 1
Total Users : 294591
Total views : 498401

शहर चुनें