June 22, 2026 1:18 am

June 22, 2026 1:18 am

PANCHKULA: होली पर प्रशासन सख्त: मिलावटी रंग और मिठाइयों की बिक्री पर रहेगी कड़ी नजर

विशेष अभियान चलाकर होगी दुकानों की चेकिंग, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
पंचकूला, 2 मार्च। होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने फूड सेफ्टी विभाग, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले भर में विशेष अभियान चलाकर दुकानों का निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बाजार में मिलावटी रंग व मिठाइयों की बिक्री न हो।
उपायुक्त ने कहा कि होली के दौरान बड़ी संख्या में लोग रंग और मिठाइयों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में यदि इन वस्तुओं में मिलावट पाई जाती है तो यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार मिलावटी रंग या मिठाई बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने पंचकूला और कालका के एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करने और बाजारों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें नियमित रूप से सैंपलिंग और जांच करेंगी ताकि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध हो सके।
होलिका दहन की दी शुभकामनाएं
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिलावासियों को होलिका दहन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों, उल्लास और भाईचारे का पर्व है। जिले के नागरिक आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाएं तथा सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल रंगों का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन भक्त प्रह्लाद की रक्षा और होलिका के अंत की कथा स्मरण की जाती है। श्रद्धालु पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर नकारात्मकता का त्याग करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध या मिलावटी सामग्री की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 2 3 5
Total Users : 349235
Total views : 576579

शहर चुनें