May 23, 2026 11:12 pm

May 23, 2026 11:12 pm

चंडीगढ़ से बिहार जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 24 लाख की 732 पेटी बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से 732 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसमें कुल 8784 बोतलें शामिल हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंचकूला-बरवाला हाईवे पर रामगढ़ के पास नाकाबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।
पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक से पूछताछ की, जिनकी पहचान धर्मपाल सिंह उर्फ धर्मा निवासी जिला पानीपत और हरिंद्र उर्फ खोटे निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों की गतिविधियों पर संदेह होने पर ट्रक की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 732 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों में कुल 8784 बोतलें थीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक समेत शराब की पूरी खेप जब्त कर ली।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एक्साइज एक्ट की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध शराब चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध शराब तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कौन सा गिरोह काम कर रहा है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।


वहीं पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि पंचकूला पुलिस अवैध शराब, नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 6 0 6
Total Users : 323606
Total views : 540339

शहर चुनें