August 29, 2026 12:24 pm

August 29, 2026 12:24 pm

असम में भूकंप के तेज झटके, मोरीगांव रहा केंद्र, तीव्रता 5.1

गुवाहाटी: असम के मोरीगांव जिले में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई। यह झटका सुबह करीब 4 बजकर 17 मिनट पर आया, जिसका केंद्र मोरीगांव जिला रहा और इसकी गहराई लगभग 50 किलोमीटर रिकॉर्ड की गई।
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग गहरी नींद से जाग गए और घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार भूकंप का केंद्र मध्य असम क्षेत्र में था, जो ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी किनारे पर स्थित है।

कई जिलों और राज्यों में महसूस हुए झटके
असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नागांव, ईस्ट और वेस्ट कार्बी आंगलोंग, होजई, दीमा हसाओ, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, चराईदेव, कछार, करीमगंज, हैलाकांडी, धुबरी, साउथ सलमारा-मनकाचर और गोलपारा जिलों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। वहीं ब्रह्मपुत्र के उत्तरी किनारे पर बसे दरांग, तामुलपुर, सोनितपुर, कामरूप, विश्वनाथ, उदलगुरी, नलबाड़ी, बाजाली, बारपेटा, बक्सा, चिरांग, कोकराझार, बोंगाईगांव और लखीमपुर जिलों में भी धरती हिलती महसूस हुई।
भूकंप का असर मध्य-पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पूरे मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी देखा गया। रिपोर्ट के मुताबिक भूटान के मध्य-पूर्वी हिस्सों, चीन के कुछ क्षेत्रों और बांग्लादेश में भी हल्के झटके महसूस किए गए।

त्रिपुरा में भी आया भूकंप
इससे पहले सोमवार सुबह त्रिपुरा में भी भूकंप के हल्के झटके दर्ज किए गए। NCS के अनुसार त्रिपुरा में सुबह करीब 3 बजकर 33 मिनट पर 3.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई 54 किलोमीटर थी।
गौरतलब है कि उत्तर-पूर्वी भारत हाई सिस्मिक जोन में आता है, जिस कारण इस क्षेत्र में भूकंप का खतरा हमेशा बना रहता है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 3 1 3
Total Users : 400313
Total views : 645919

शहर चुनें