एंटी नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, कार, मोबाइल और नकदी बरामद; आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर
बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 9 अप्रैल: पंचकूला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 293 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब से पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में नशे की सप्लाई करता था।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता में बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने इंचार्ज प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रणजीत सिंह (28) निवासी जिला तरणतारण (पंजाब) व हाल निवासी मोहाली के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-20 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी, भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस को 8 अप्रैल को सूचना मिली थी कि आरोपी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, सेक्टर-19 पंचकूला में अपनी सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पीछे संदिग्ध कार नजर आते ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
कार से मिली 293 ग्राम हेरोइन, मोबाइल व नकदी भी बरामद
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 293 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा 4800 रुपये नकद, एक आईफोन और एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी की स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है।
रिमांड पर लेकर नेटवर्क की जांच शुरू
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ड्रग सप्लाई चेन, आर्थिक लेनदेन और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि पंचकूला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ पूरी सख्ती से अभियान चला रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।











Total Users : 294040
Total views : 497534