ज्यादा छात्र संख्या वाले स्कूलों में आधारभूत ढांचे को किया जाएगा और मजबूत
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश- स्कूलों का नियमित दौरा कर समस्याओं का जल्द करवाएं समाधान
स्कूलों के भवनों का निर्माण व मरम्मत का कार्य शीघ्र हो, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई में न आए कोई बाधा
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 5 मई- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश के राजकीय स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने और बच्चों को बेहतर वातावरण देने के लिए सरकार पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, वहां आधारभूत सुविधाओं (इंफ्रास्ट्रक्चर) को और अधिक मजबूत किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने 12वीं कक्षा के छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राजकीय स्कूलों में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएं। इससे छात्रों को उच्च शिक्षा और करियर के चुनाव में सही दिशा मिलेगी और उन्हें आगे की पढ़ाई में कोई असुविधा नहीं होगी।
शिक्षा विभाग अपना गतिविधि कैलेंडर भी जारी करे, ताकि कार्यों की प्रगति का पता चल सके।
मंत्री मंगलवार को पंचकूला स्थित शिक्षा सदन में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
अधिकारी करें फील्ड विजिट, मौके पर जानें समस्याएं
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर राजकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण और विजिट करें। वहां धरातल पर आने वाली समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्कूलों भवनों का निर्माण व मरम्मत का कार्य निश्चित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
बुनियादी सुविधाओं और स्वास्थ्य पर ध्यान
शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में स्वच्छ पेयजल, विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, सुलभ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इन कार्यों में कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्कूलों में बच्चों के नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं और स्कूलों से बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं।
सोशल मीडिया पर प्रचार और करियर काउंसलिंग
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग की योजनाओं और उपलब्धियों का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आम जनमानस को सरकार की शिक्षा नीतियों का लाभ मिल सके।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षक को किया जाए प्रोत्साहित
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग में अच्छा काम करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की पहचान की जाए और उन्हें समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब मेहनत करने वाले कर्मचारियों को सम्मान मिलता है, तो पूरे विभाग में कार्य के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों का शिक्षा के स्तर को प्रदेश में नंबर वन बनाने के लिए ‘मिशन मोड’ में काम करने का आह्वान किया।
बैठक में स्कूल शिक्षा के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, माध्यमिक शिक्षा के महानिदेशक जितेंद्र दहिया, प्राथमिक शिक्षा की निदेशक मनीता मलिक, स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद वर्षा खांगवाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













Total Users : 311031
Total views : 522524