June 5, 2026 7:09 am

June 5, 2026 7:09 am

HARYANA NEWS: हरियाणा में अपराध दर में लगातार गिरावट, आतंकवाद और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई: DGP अजय सिंघल

रमेश गोयत

चंडीगढ़, 26 मई। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने मंगलवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों में कानून-व्यवस्था की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है और अपराध दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में अपराध दर में 0.7 प्रतिशत, वर्ष 2024 में 13.3 प्रतिशत तथा वर्ष 2025 में अब तक 5.8 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं पिछले चार महीनों के दौरान अकेले 9.8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
डीजीपी ने बताया कि चोरी, डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों के अलावा महिलाओं तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों में भी वर्ष 2024-25 की तुलना में लगभग 5 से 7 प्रतिशत तक कमी आई है।

आतंकवाद से निपटने के लिए बनेगा अलग एटीएस दस्ता
नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार आतंकवाद से निपटने के लिए अलग एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) गठित कर रही है। डीजीपी ने बताया कि इस विशेष दस्ते में आधुनिक संसाधनों से लैस और विशेष प्रशिक्षण प्राप्त जवान शामिल होंगे। पंचकूला और गुरुग्राम में एटीएस के अलग थाने स्थापित किए जाएंगे, जहां आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच की जाएगी। इस यूनिट का नेतृत्व आईजी स्तर के अधिकारी करेंगे तथा उनके साथ एसपी रैंक के अधिकारी भी तैनात रहेंगे।

अभेद्य’ ऐप से साइबर अपराध पर नियंत्रण
डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा शुरू किए गए अभेद्य मोबाइल ऐप को लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। यह ऐप विदेशी नंबरों से आने वाले जबरन वसूली के कॉल और साइबर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से तैयार किया गया है। अब तक एक हजार से अधिक लोग इसे डाउनलोड कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने विदेशों में छिपे 20 कुख्यात अपराधियों को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है, जिससे गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिली है। डीजीपी ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि गैंगस्टरों का महिमामंडन करने से बचा जाए और उनके नाम व तस्वीरों का अनावश्यक प्रचार न किया जाए।

नशे के खिलाफ अभियान तेज, 150 आरोपियों पर कार्रवाई
‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान का उल्लेख करते हुए डीजीपी ने कहा कि नशे की तस्करी एक गंभीर सामाजिक चुनौती है और पुलिस इसे खत्म करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया that ‘उदय हरियाणा’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न जिलों में जाकर युवाओं और आम लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
जांच के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों की नशे के कारोबार में संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई है। पीआईटी एनडीपीएस कानून के तहत 150 आदतन अपराधियों पर कार्रवाई की गई है और इस श्रेणी में हरियाणा देश में पहले स्थान पर है।

पुलिस ढांचे को मजबूत करने के लिए 750 करोड़ मंजूर
डीजीपी सिंघल ने बताया कि ‘हरियाणा विजन 2030 और 2047’ के तहत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में अगले दो वर्षों के दौरान पुलिस बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए 750 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इससे नई तकनीक, आधुनिक उपकरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण को भी प्राथमिकता दे रही है। 35 वर्ष या उससे अधिक आयु के अधिकारियों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच की सुविधा शुरू की गई है। गर्मी को देखते हुए चेकपोस्ट पर तैनात जवानों को इलेक्ट्रोलाइट और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि 45 वर्ष से अधिक आयु के अधिकारियों को चेकपोस्ट ड्यूटी से छूट दी गई है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि वे सकारात्मक माहौल में अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 3 2 7
Total Users : 333327
Total views : 554122

शहर चुनें