वाशिंगटन: अमेरिका ने उत्तरी अटलांटिक महासागर और कैरिबियन सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए वेनेजुएला से जुड़े दो तेल टैंकरों को जब्त कर लिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। दोनों जहाजों पर पहले से ही अमेरिकी प्रतिबंध लागू थे।
यूएस यूरोपियन कमांड ने बताया कि अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में मर्चेंट वेसल ‘बेला-1’ को जब्त किया गया है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, एक कोस्ट गार्ड कटर ने स्कॉटलैंड और आइसलैंड के बीच समुद्री क्षेत्र में इस तेल टैंकर का पीछा किया। बताया गया कि जहाज वेनेजुएला के आसपास अमेरिका द्वारा लगाई गई नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था।
इसी बीच, अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने जानकारी दी कि अमेरिकी सेना ने कैरिबियन सागर में एक अन्य तेल टैंकर ‘सोफिया’ को भी अपने नियंत्रण में ले लिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि दोनों जहाज या तो वेनेजुएला से तेल लेकर आ रहे थे या वहां तेल ले जाने वाले थे।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, बेला-1 को यूरोप की ओर मोड़ने के बाद उस पर रूसी झंडा लगा दिया गया था और इसका नाम बदलकर ‘मैरिनेरा’ कर दिया गया। जब्ती के बाद जहाज को जांच एजेंसियों के हवाले कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इस जहाज पर वर्ष 2024 में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए थे। आरोप था कि यह टैंकर लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्लाह से जुड़ी एक कंपनी के लिए कार्गो की तस्करी में शामिल था, जिसे ईरान का समर्थन प्राप्त है।
दिसंबर से लगातार कार्रवाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 10 दिसंबर को वेनेजुएला के तट के पास तेल टैंकर की पहली जब्ती की घोषणा की थी। यह कार्रवाई कोस्ट गार्ड के नेतृत्व में और नेवी के सहयोग से की गई थी। किसी व्यापारी जहाज को जब्त करने के लिए अमेरिकी सेना का इस्तेमाल असामान्य कदम माना जा रहा है। इसे ट्रंप प्रशासन के वेनेजुएला पर दबाव अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
हाल ही में ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला अमेरिका को 30 से 50 मिलियन बैरल तेल देगा और इससे होने वाली आय दोनों देशों के लोगों के हित में इस्तेमाल की जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस शुक्रवार को वेनेजुएला मुद्दे पर एक्सॉन और शेवरॉन जैसी अमेरिकी तेल कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ अहम बैठक करने वाला है।













Total Users : 323582
Total views : 540308