August 28, 2026 10:15 am

August 28, 2026 10:15 am

मनरेगा को कमजोर करना गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला: कुमारी सैलजा

रतिया/टोहाना, 9 जनवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करना गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के दावों के बीच जमीनी सच्चाई यह है कि लोगों के हाथों से काम छीना जा रहा है और रोजगार की गारंटी को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। वे आज रतिया हलके में ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं से बात कर रही थीं। उनके साथ डीसीसी प्रेजिडेंट जयपाल सिंह लाली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरविंद शर्मा, मंगतराम लालवास, सुरेंद्र वरतिया, महिला प्रधान परमजीत कौर, सुधीर गोदारा सहित अन्य नेता थे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि यूपीए सरकार के समय, जब देश के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह थे, तब मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना लागू की गई थी। इस योजना ने ग्रामीण गरीबों को 100 दिन के सुनिश्चित रोजगार की गारंटी दी और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोविड महामारी और आपदा के कठिन समय में भी मनरेगा गरीबों और मजदूरों के लिए सबसे बड़ा सहारा साबित हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार ने मनरेगा को व्यवस्थित तरीके से कमजोर किया है। पहले जहां गांवों में काम मांगने पर रोजगार मिलता था, अब स्थिति यह है कि राज्य सरकारों को केंद्र के पास प्रस्ताव भेजने पड़ते हैं और उसके बाद भी काम मिलेगा या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं रहती। भुगतान में देरी और बजट में कटौती से मजदूरों का भरोसा तोड़ा जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम को हटाने की सोच भी उसी मानसिकता को दर्शाती है, जबकि महात्मा गांधी का सपना गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का था और मनरेगा उसी सोच का सशक्त माध्यम था। उन्होंने बताया कि मनरेगा को बचाने और केंद्र सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता के सामने लाने के लिए कांग्रेस ने सभी प्रदेशों में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में पहले चरण के तहत कल फतेहाबाद तथा सिरसा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मनरेगा को कमजोर किए जाने के मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखेंगी। कुमारी सैलजा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों की इस लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और मनरेगा को खत्म करने या कमजोर करने की किसी भी कोशिश को लोकतांत्रिक तरीके से रोका जाएगा।

सांसद सैलजा के कल फतेहाबाद-सिरसा में कई कार्यक्रम

सांसद कुमारी सैलजा दिनांक 10 और 11 जनवरी को सिरसा संसदीय क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। 10 जनवरी शनिवार को सुबह 11.00 बजे फतेहाबाद के गंगा होटल में प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगी। दोपहर 02.00 बजे सिरसा कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगी। 11 जनवरी सुबह 10.30 बजे से दोपहर 01.00 बजे तक डबवाली के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में आमजनों से मुलाकात करेंगी। दोपहर 02.00 बजे से दोपहर 04.00 बजे तक ऐलनाबाद के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में आमजनों से मुलाकात करेंगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 6 3
Total Users : 399363
Total views : 644633

शहर चुनें