August 6, 2026 1:03 am

August 6, 2026 1:03 am

PANCHKULA: जाग्रत ब्राह्मण सभा चुनाव विवाद गहराया

तीन बार समय बढ़ने के बावजूद नहीं हुए चुनाव, प्रशासक नियुक्त करने की उठी मांग
पंचकूला। सेक्टर-12 ए स्थित जाग्रत ब्राह्मण सभा के चुनावों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सभा के आजीवन सदस्यों ने जिला प्रशासन और जिला रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर वर्तमान तदर्थ समिति (एडहॉक कमेटी) पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। सदस्यों का कहना है कि समिति को तीन बार समय विस्तार दिए जाने के बावजूद अब तक चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि सभा की निर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल 16 जनवरी 2025 को समाप्त हो गया था। इसके बाद जिला रजिस्ट्रार द्वारा चुनाव संपन्न कराने के लिए तदर्थ समिति का गठन किया गया। समिति को पहले 16 अप्रैल 2025, फिर 16 अक्टूबर 2025 और अंततः 16 जनवरी 2026 तक का समय दिया गया, लेकिन किसी भी चरण में चुनाव की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।
आजीवन सदस्यों का आरोप है कि न तो अब तक वोटर लिस्ट को अंतिम रूप दिया गया है और न ही सदस्यों की सदस्यता का सत्यापन पूरा हुआ है। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी हुई है, जिससे सभा के कामकाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सदस्यों ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर वे पहले 17 मार्च 2025 को समाधान शिविर और 28 अगस्त 2025 को तत्कालीन उपायुक्त के समक्ष भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
अब सभा के आजीवन सदस्य धर्मवीर शर्मा, सूरज कौशिक, बलवंत सिंह सहित अन्य सदस्यों ने मांग की है कि तदर्थ समिति को और समय न दिया जाए। उन्होंने ‘हरियाणा पंजीकरण एवं विनियमन अधिनियम, 2012’ के तहत कार्रवाई करते हुए सभा में प्रशासक (एडमिनिस्ट्रेटर) नियुक्त करने की मांग की है, ताकि निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से चुनाव कराए जा सकें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 3 3 3 1
Total Users : 383331
Total views : 623025

शहर चुनें