June 17, 2026 1:59 pm

June 17, 2026 1:59 pm

SHIMLA: जाखू मंदिर का होगा 5.67 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार; प्रदेश सरकार ने दी सैद्धांतिक मंजूरी, खर्च ट्रस्ट वहन करेगा

अनिल कुमार शर्मा
शिमला।  हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध जाखू हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार ने करीब 5 करोड़ 67 लाख 14 हजार 944 रुपये की लागत वाले जीर्णोद्धार प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। यह प्रोजेक्ट नगर निगम शिमला के माध्यम से अंतिम मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रोजेक्ट पर होने वाला खर्च श्री हनुमान जी मंदिर न्यास, जाखू अपने स्वयं के स्रोतों से वहन करेगा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया गया निर्णय
बीते कुछ वर्षों में जाखू मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। मौजूदा सुविधाएं सीमित होने के कारण मंदिर न्यास को व्यवस्थाओं में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के व्यापक जीर्णोद्धार की योजना तैयार की गई है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि सरकार से प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है और अब शेष औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इन कार्यों को मिलेगा नया स्वरूप
प्रोजेक्ट के तहत मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
यज्ञशाला का निर्माण
शू हाउस का निर्माण
भंडारा भवन का जीर्णोद्धार
हनुमान जी की प्रतिमा के सामने विस्तारीकरण
पार्क का जीर्णोद्धार
मंदिर कार्यालय का नवीनीकरण
कीर्तन भवन में रेलिंग कार्य
सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत
मंदिर परिसर में 6 नई दुकानें
बच्चों के लिए पार्क का निर्माण
यज्ञशाला का होगा पारंपरिक निर्माण
प्रोजेक्ट के अनुसार मंदिर परिसर में एक भव्य यज्ञशाला का निर्माण किया जाएगा। यह यज्ञशाला मंडप शैली में बनेगी, जिसमें वेदों के अनुसार—
16 पिलर
32 रूफ सपोर्टिंग कॉलम
वेदी, गंडूक, तोरण, ध्वज और पताका
का निर्माण होगा। सभी कार्य हिंदू संस्कृति की पारंपरिक स्थापत्य शैली में किए जाएंगे।

नया शू हाउस और पार्किंग सुविधा
मंदिर परिसर में करीब 2241 वर्ग मीटर क्षेत्र में नया शू हाउस बनाया जाएगा। इसमें काउंटर, शू-रैक और टोकन प्रणाली की सुविधा होगी।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 40 लाख रुपये की लागत से नई पार्किंग का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या से राहत मिलेगी।

भविष्य में मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जीर्णोद्धार पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

जाखू मंदिर का पौराणिक इतिहास
मंदिर के पुजारी बी.पी. शर्मा के अनुसार, राम-रावण युद्ध के दौरान जब मेघनाद के शक्ति बाण से लक्ष्मण मूर्छित हो गए थे, तब हनुमान जी संजीवनी बूटी लाने हिमालय की ओर निकले। इसी दौरान उन्होंने जाखू पर्वत पर तपस्या कर रहे एक यक्ष ऋषि से संजीवनी का मार्ग पूछा और विश्राम किया। यहीं से संजीवनी पर्वत का पता चला, जिससे जाखू मंदिर का धार्मिक और पौराणिक महत्व जुड़ा हुआ है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 5 4 4 7
Total Users : 345447
Total views : 571489

शहर चुनें